कन्नड़ एक्ट्रेस रान्या राव को 12 करोड़ रुपये के 14.8 किलो सोने की तस्करी में बेंगलुरु एयरपोर्ट पर गिरफ्तार किया गया था.
By : DB News Update | Edited By: प्रिंस अवस्थी
Gold Smuggling Ranya Rao: कन्नड़ फिल्म इंडस्ट्री की एक्ट्रेस रान्या राव की गिरफ्तारी हुई है. DRI के मुताबिक रान्या ने इस साल 27 बार दुबई की यात्रा की थी, जिससे ये संदेह जताया जा रहा है कि रान्या सोने की तस्करी में शामिल रही होंगी. बता दें कि उन्हें बेंगलुरु अंतरराष्ट्रीय एयरपोर्ट पर सोने की तस्करी के आरोप में पकड़ा गया था.
14.8 किलोग्राम सोने के साथ पकड़ा गया
रान्या राव दुबई से भारत लौट रही थीं, तब उन्हें 14.8 किलोग्राम सोने के साथ पकड़ा गया. इसकी कीमत करीब 12 करोड़ रुपये बताई जा रही है. राजस्व खुफिया निदेशालय (DRI) ने कोर्ट में तर्क दिया कि रान्या राव को आगे हिरासत में रखने की जरूरत है ताकि तस्करी में उनकी भूमिका की गहराई से जांच की जा सके.
आर्थिक अपराध न्यायालय ने अपना आदेश सुरक्षित रखा
रान्या राव ने जमानत के लिए याचिका दायर की थी, जिस पर आर्थिक अपराध न्यायालय ने अपना आदेश सुरक्षित रख लिया है. रान्या के वकील ने बचाव में कहा कि DRI पहले ही उनसे पूछताछ कर चुकी है और अब आगे हिरासत की जरूरत नहीं है. बचाव पक्ष ने ये भी दावा किया कि उनका लैपटॉप जब्त किया जा चुका है जिसका मतलब है कि जांचकर्ताओं के पास सभी डिजिटल सबूत मौजूद हैं.
अदालत जल्द ही जमानत याचिका पर फैसला सुना सकती है. ये मामला लगातार सुर्खियों में बना हुआ है.

