भारत ने पहले टी20 में शानदार प्रदर्शन किया, इस मैच में कोच गौतम गंभीर और कप्तान श्रेयस अय्यर का फैसला चर्चा में रहा, हारने की कगार पर पहुंच गई थी टीम.
Source : MEDIA
Written By : DB News Update | Edited By: प्रिंस अवस्थी
IND vs NZ 1st T20: न्यूजीलैंड के मंसूबे पर उस समय पानी फिर गया, जब नमन धीर ने महज 15 गेंदों में 42 रन ठोक दिए और हारी बाजी को पलटकर रख दिया. हलांकि यह मैच काफी टसल का रहा और क्रिकेट फैंस की एक बार सांसें भी थम गईं थीं. लेकिन भारतीय खिलाड़ियों ने साहस दिखाया और 226 रन के विशाल स्कोर को चेज कर लिया. टी20 के इस मैच में क्राइस्टचर्च के हैगली ओवल मैदान पर न्यूजीलैंड पहले बल्लेबाजी करते हुए 225 रनों का स्कोर बोर्ड लगाया था. भारतीय टीम पावरप्ले यानी शुरुआती 6 ओवरों में ही 93 रन ठोक डाले और अभिषेक शर्मा और संजू सैमसन की पारी ने न्यूजीलैण्ड टीम की उम्मीदों पर पानी फेर दिया. दोनों खिलाड़ी 5.5 ओवर में 93 रनों की साझेदारी की.
चर्चा में रहा कप्तान और कोच का फैसला
भारतीय टीम के कोच गौतम गंभीर और कप्तान श्रेयस अय्यर का एक फैसला चर्चा में उस वक्त आया, जब भारतीय टीम को ताबड़तोड़ बल्लेबाजी की जरूरत थी. दरअसल कोच और कप्तान मिलकर सुप्रीम फॉर्म में चल रहे ईशान किशन को तीन नंबर पर भेजने के बजाय धीमी गति से रन बनाने वाले तिलक वर्मा को मैदान में भेज दिया, जो लंबे समय से 5 नंबर पर बैटिंग करते आए हैं और धीमी गति से रन बनाने के लिए कई बार आलोचना का शिकार भी हुए हैं. मैदान पर आते ही तिलक बैलगाड़ी की रफ्तार से रन बनाने लगे. उनके बल्ले से चौके-छक्के नहीं निकल रहे थे, बल्कि सिंगल रन लेने में भी उन्हें संघर्ष करना पड़ रहा था. तिलक महज 11 गेंद खेल सके और करीब 50 के स्ट्राइक रेट से सिर्फ 06 रन ही बना सके. अब धीरे-धीरे भारत के हाथ से जीती हुई बाजी निकल रही थी. तभी पांच नंबर पर ईशान किशन आए और मात्र एक रन बनाकर वापिस पवेलियन लौट गए, लेकिन नमन धीर ने अंत में अकेले बाजी पलट दी और नमन धीर ने सिर्फ 15 गेंद में नाबाद 42 रनों की पारी खेली. उन्होंने 5 चौके और दो छक्के लगाए. भारत ने दो गेंद शेष रहते 226 रनों का लक्ष्य हासिल कर लिया. यह न्यूजीलैंड की धरती पर टी20 इंटरनेशनल में भारत का सबसे बड़ा रन चेज है.
अभिषेक-सैमसन ने पॉवरप्ले में दिखाया दम, बना दिया रिकॉर्ड
क्राइस्टचर्च में खेले गए पहले टी20 में संजू सैमसन और अभिषेक शर्मा की ओपनिंग जोड़ी ने पॉवरप्ले में 94 रन बनाए, जो एक रिकॉर्ड बन गया. लक्ष्य का पीछा करते हुए अभिषेक शर्मा ने अपनी पहली ही गेंद पर छक्का जड़कर बता दिया था कि वह किस अंदाज में खेलने वाले हैं. दूसरी तरफ संजू सैमसन का भी यही तूफानी अंदाज देखने को मिला. अभिषेक पॉवरप्ले के आखिरी ओवर में आउट हुए, उन्होंने 12 गेंदों में 3 छक्के और 2 चौकों की मदद से 29 रन बनाए. दोनों ने पहले विकेट के लिए 93 रन जोड़े. इसके बाद पॉवरप्ले में 1 और रन बना, इस तरह पॉवरप्ले में भारत ने 1 विकेट खोकर 94 रन बनाए.
पॉवरप्ले का तीसरा सबसे बड़ा स्कोर
भारतीय टीम का टी20 में पॉवरप्ले का संयुक्त रूप से तीसरा सबसे बड़ा स्कोर है. भारत ने न्यूजीलैंड के खिलाफ ही इसी साल गुवाहाटी में भी पॉवरप्ले में 94 रन बनाए थे. भारत का पॉवरप्ले में सबसे बड़ा स्कोर 100 रन का है, जो इसी साल अफगानिस्तान के खिलाफ बना था.
संजू को मिला प्लेयर ऑफ द मैच अवार्ड
भारत की विस्फोटक शुरुआत ने पहाड़ जैसे लक्ष्य को आसान बना दिया. संजू सैमसन ने 67 रन बनाए. हालांकि तिलक वर्मा (6), ईशान किशन (1) का बल्ला नहीं चला, और मिडिल आर्डर में गिरे लगातार विकेट से टीम पर दबाव बन गया. लेकिन कप्तान श्रेयस अय्यर और अंत में नमन धीर ने 42-42 रन बनाकर जीत में अहम योगदान दिया.
श्रेयस अय्यर ने 28 गेंदों में 42 रन बनाए, जिसमें 2 छक्के और 1 चौका शामिल है. नमन धीर ने 15 गेंदों में 2 छक्के और 5 चौकों की मदद से 42 रन बनाए. संजू को प्लेयर ऑफ द मैच अवार्ड मिला.
हार से निराश हुए न्यूजीलैंड के कप्तान मिचेल सैंटनर
भारत के खिलाफ पहले टी20 में न्यूजीलैंड की टीम 225 रन बनाने के बाद भी हार गई. जब न्यूजीलैंड की पारी खत्म हुई तो विन प्रिडिक्टर में उसके जीत के चांस 72 प्रतिशत दिखा रहे थे. संजू सैमसन और अभिषेक शर्मा ने शुरुआती 6 ओवर में ही 93 रन बनाकर बाजी पलट दी थी, लेकिन कीवी टीम ने फिर से वापसी की. जब ईशान किशन आउट हुए तो न्यूजीलैंड की जीत की उम्मीद फिर से 70 प्रतिशत थी. हालांकि, कीवी टीम 225 रन डिफेंड नहीं कर सकी. भारत ने दो गेंद शेष रहते मैच जीत लिया. इस हार के बाद न्यूजीलैंड के कप्तान मिचेल सैंटनर काफी निराश दिखे.
भारत ने पावरप्ले में ही बना दिए थे ज्यादा रन
क्राइस्टचर्च के हैगली ओवल में खेले गए पहले टी20 में मिली हार के बाद कीवी कप्तान मिचेल सैंटनर ने कहा, “उन्होंने (भारत) हम पर दबाव बनाया. हमें पता था कि वह ऐसा ही करेंगे और एक बार फिर उन्होंने पावरप्ले में बहुत रन बनाए. शायद हम अपना सर्वश्रेष्ठ प्रदर्शन नहीं कर पाए. हमें कुछ चीजों में सुधार करने की जरूरत है, लेकिन मुझे लगता है कि हमें पता है कि गेंद कैसे बर्ताव करती है, इसलिए हम उन्हें धीमा कर सकते हैं. मुझे लगता है कि बीच के ओवरों में हमने उन्हें अच्छे से बांध कर रखा और मुकाबला काफी कड़ा हो गया था. दोनों ही टीमों के पास सुधार करने के लिए कुछ चीजें हैं. यह मैच किसी भी तरफ जा सकता था.”
