रामनवमी के मौके पर जगह-जगह निकाला गया जुलूश, भगवान श्रीराम की मनभावन झांकियां रहीं शामिल

By : DB News Update | Edited By : प्रिंस अवस्थी
Ram Navami 2025 Celebration: रामनवमी के पावन अवसर पर रविवार आज (06 अप्रैल, 2025) को देशभर में कई जगह शोभा यात्राएं निकाली गईं और धार्मिक कार्यक्रम आयोजित किए गए. देश भर में रामनवमी की धूम रही. जहां अशांति की आशंका थी, वहां सुरक्षा व्यवस्था के कड़े इंतजाम किये गए थे. यहां तक कि पश्चिम बंगाल में बीजेपी और तृणमूल कांग्रेस (टीएमसी) दोनों पार्टियों के नेताओं ने रामनवमी के उत्सव हिस्सा लिया. वहीं UP में दरगाह पर भगवा झंडा लहराया, जो चर्चा का विषय बन गया. एमपी के विशाल शोभायात्रा निकाली गई, जिसमें बड़ी संख्या में भक्तों ने हिस्सा लिया.
एमपी के जबलपुर में निकली भव्य शोभायात्रा
एमपी के जबलपुर में भव्य व विशाल शोभायात्रा जगद्गुरु डॉ. स्वामी नृसिंहदेवाचार्य जी महाराज के सानिध्य में निकाली गई. यह शोभायात्रा विगत 45 वर्षों से सनातन धर्म महासभा के बैनर तले निकाली जा रही है, जिसका नेतृत्व श्रीनरसिंह मंदिर गीताधाम के श्रीमहंत द्वारा किया जाता रहा है और उस परंपरा का निर्वहन आज भी किया जा रहा है. इस शोभायात्रा में संस्कारधानी जबलपुर के सभी मंदिरों के पदाधिकारी शामिल रहे. शोभायात्रा में भगवान श्रीराम के चरित्र से संबंधित अलग-अलग स्वरूपों की झांकियां शामिल रहीं, जो आकर्षण का केन्द्र रहीं. इस अवसर पर भगवान श्रीराम के अनेक स्वरूपों का दर्शन भक्तों ने किया. जगह-जगह प्रसाद का वितरण भी विभिन्न संस्थाओं द्वारा किया जा रहा था. शोभायात्रा में राजनीति से जुड़े सभी जनप्रतिनिधि भी शामिल हुए और भगवान श्रीराम का आशिर्वाद प्राप्त किया.
रामनवमी के उत्सव में लगाए गए जय श्री राम के नारे
पश्चिम बंगाल में रामनवमी के मौके पर सुबह से ही उत्सव शुरू हो गया था, जिसमें ‘जय श्री राम’ के नारे लगाते हुए भक्त जुलूस और धार्मिक आयोजन में शामिल हुए. श्रद्धालु भगवा झंडे, भक्ति संगीत और रामायण के दृश्यों को दर्शाती झांकियों के साथ सड़कों पर उमड़ पड़े.
मुसलमानों ने बांटी मिठाई और पिलाया पानी
मालदा में सांप्रदायिक सौहार्द्र का प्रदर्शन करते हुए मुसलमानों ने एक शोभायात्रा के दौरान मिठाई और पानी की बोतलें बांटी और श्रद्धालुओं को फूल भेंट किए. इन आयोजनों पर नजर रखने के लिए ड्रोन और सीसीटीवी की मदद भी ली गई. संवेदनशील जगहों पर त्वरित प्रतिक्रिया दल तैनात किए गए थे.
यूपी में भी रामनवमी की धूम
रामनवमी के अवसर पर उत्तर प्रदेश के विभिन्न जिलों के मंदिरों में श्रद्धालुओं की भीड़ उमड़ पड़ी. इस दौरान मंदिरों में सुबह से ही विशेष पूजा-अर्चना और धार्मिक कार्यक्रमों का आयोजन शुरू हुआ. लखनऊ में इस अवसर पर विशेष पूजा-अर्चना और हवन के साथ सुबह से ही मंदिरों में बड़ी संख्या में श्रद्धालुओं की भीड़ देखी गई. पुलिस के एक वरिष्ठ अधिकारी ने कहा, ‘पुलिस बल सतर्क है और पूरे राज्य में सुरक्षा के कड़े इंतजाम किए गए हैं.’
संभल में धूमधाम से निकाली शोभा यात्रा
संभल में राम नवमी के अवसर पर शोभा यात्राएं निकाली गईं और लोग डांस करते हुए नजर आए. इस दौरान व्यापक सुरक्षा बंदोबस्त किए गए. जगह-जगह पुलिस बल, पीएसी और रैपिड एक्शन फोर्स तैनात रहा और संवेदनशील इलाकों में ड्रोन से नजर रखी गई. राम नवमी पर चंदौसी के राम बाग धाम स्थित पर बनी 51 फुट ऊंची भगवान श्री राम की मूर्ति लोगों की आस्था का केंद्र बनी हुई है. वहीं, नव दुर्गा मंदिर, बगिया वाली माता मंदिर, रायसत्ती माता मंदिर सहित सभी मंदिरों में श्रद्धालुओं का तांता लगा हुआ है.
दरगाह पर लहरा दिया भगवा झंडा
रामनवमी के मौके पर प्रयागराज में हिंदू संगठनों के सदस्यों ने सालार मसूद गाजी की दरगाह पर भगवा झंडा लहरा दिया, जिसके बाद जमकर हंगामा हुआ. हिंदू संगठन के कार्यकर्ता भगवा झंडा लेकर दरगाह की छत पर चढ़ गए और गुंबद पर भगवा लहराकर नारेबाजी की. हालांकि पुलिस के पहुंचने पर ये सभी लोग फरार हो गए.
महाराष्ट्र में राम भक्तों पर मुसलमानों ने बरसाए फूल
नागपुर में रामनवमी पर निकाली गई शोभा यात्रा पर मुस्लिम समुदाय के लोगों ने फूल बरसाए. मुस्लिम सेवा समिति से जुड़े एक शख्स ने कहा, नागपुर शहर भाईचारे का प्रतीक है और आज इसका संदेश देना है. जिस तरह से ईद पर हिंदू भाई हमारा स्वागत करते हैं वैसे ही हम हिंदू भाइयों पर फूल बरसाकर एकता संदेश देने आए हैं.

