डोनाल्ड ट्रंप के राष्ट्रपति बनने के बाद से लगातार अवैध प्रवासियों पर कार्रवाई की जा रही है. इन अवैध प्रवासियों को डिपोर्ट किया जा रहा है.
Source : MEDIA
By : DB News Update | Edited By: प्रिंस अवस्थी
USA News: व्हाइट हाउस ने सोशल मीडिया पर एक अवैध प्रवासियों को डिपोर्ट किए जाने का वीडियो शेयर किया है. इसको शेयर करते हुए उन्होंने कैप्शन में लिखा, “ASMR: अवैध विदेशी निर्वासन उड़ान.” इसमें बेड़ियों में जकड़े अवैध प्रवासी प्लेन पर चढ़ते हुए दिखाई दें रहे हैं. CNBC न्यूज के मुताबिक यह उड़ान सिएटल से रवाना हुई. इस वीडियो में अमेरिकी अधिकारी इन प्रवासियों पर एक आतंकी या अपराधी की तरह बेड़ियां लगाते हुए नजर आ रहे हैं.
बता दें कि डोनाल्ड ट्रंप के राष्ट्रपति बनने के बाद से लगातार अवैध प्रवासियों पर कार्रवाई की जा रही है. इन अवैध प्रवासियों को डिपोर्ट किया जा रहा है. पूरी दुनिया में प्रवासियों को वापस भेजने के अमेरिका के तरीके का विरोध हो रहा है. इन अवैध प्रवासियों को हथकड़ी लगाकर और पैरों में जंजीर बांधकर भेजा जा रहा है.
इसी बीच व्हाइट हाउस ने बुधवार (19 फरवरी) को सोशल मीडिया पर एक वीडियो शेयर किया है. इस वीडियो में अवैध प्रवासियों को वापस भेजा रहा है.
एलन मस्क का रिएक्शन आया सामने
एक्स के मालिक एलन मस्क का रिएक्शन भी इस वीडियो को लेकर सामने आया है. उन्होंने इस वीडियो पर रिएक्शन देते हुए लिखा, “HAHA WOW”. चुनाव के समय से ही एलन मस्क ने डोनाल्ड ट्रंप का समर्थन किया है. इसके अलावा उन्होंने अवैध प्रवासियों को देश से निकालने का भी समर्थन किया था.
देश भर में बड़े पैमाने पर अभियान चलाया
राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रम्प ने अवैध अप्रवासियों पर नकेल कसने को अपने दूसरे कार्यकाल का प्रमुख लक्ष्य बनाया है. 20 जनवरी को पदभार संभालने के बाद से, संघीय एजेंसियों ने गिरफ्तारियों और निर्वासन को तेज कर दिया है और देश भर में बड़े पैमाने पर अभियान चलाए हैं.
भारतीय नागरिकों के निर्वासन ने भी आक्रोश पैदा किया है, खासकर तब जब अमेरिकी अधिकारियों ने एक अलग 24 सेकंड का वीडियो साझा किया जिसमें बंदियों को सैन्य विमान में ले जाते हुए दिखाया गया था. नाटकीय संगीत के साथ जारी इस वीडियो के अंत में चेतावनी दी गई थी, “यदि आप अवैध रूप से सीमा पार करते हैं, तो आपको निष्कासित कर दिया जाएगा.
रात में फिल्माए गए इस वीडियो में प्रवासियों को जंजीरों में जकड़े हुए, अमेरिकी सैनिकों की कड़ी सुरक्षा में मार्च करते हुए दिखाया गया है, जिसके बाद उन्हें एक सी-17 सैन्य विमान में सीटों पर बांध दिया जाता है.
हथकड़ी लगे प्रवासी के गले का पट्टा ठीक कर रहा अधिकारी
यह वीडियो सबसे पहले अमेरिकी आव्रजन और सीमा शुल्क प्रवर्तन (ICE) के सिएटल कार्यालय द्वारा साझा किया गया था, जिसमें कहा गया था, “निष्कासन उड़ान. अवैध अप्रवासियों के एक समूह को उनके गृह देशों में वापसी की प्रक्रिया को अंतिम रूप देने के हिस्से के रूप में सिएटल से ले जाया जा रहा है. मूल आईसीई वीडियो की शुरुआत में एक अधिकारी “ईआरओ” (प्रवर्तन और निष्कासन अभियान) अंकित जैकेट पहने हुए दिखाई देता है. हालांकि, व्हाइट हाउस द्वारा जारी किए गए वीडियो में एक अलग क्लिप है – जिसमें एक अधिकारी हथकड़ी लगे प्रवासी के गले का पट्टा ठीक कर रहा है.
प्रवासियों को अपने देश लौटने के लिए मुफ्त उड़ान
अमेरिका के होमलैंड सिक्योरिटी विभाग (डीएचएस) ने भारत से अवैध तरीके से आने वाले लोगों समेत सभी अवैध प्रवासियों को अपने देश लौटने के लिए मुफ्त उड़ान और 2,600 डॉलर (करीब 2,40,822 रुपये) का निकासी बोनस देने का प्रस्ताव रखा है. डीएचएस ने आत्म-निर्वासन की पहल को बढ़ावा देने के लिए ताजमहल, कोलंबिया और चीन के प्रमुख स्थलों की छवियों का उपयोग किया है. डीएचएस ने बुधवार को इंटरनेट मीडिया प्लेटफार्म एक्स पर एक पोस्ट में कहा, “सीबीपी होम एप का उपयोग करके आत्मनिर्वासन करने पर घर लौटने के लिए एक मुफ्त उड़ान और 2,600 डालर का निकासी बोनस प्राप्त करें.
ज्ञात हो, “प्रोजेक्ट होमकमिंग” की पहल की शुरुआत पिछले साल मई में अमेरिका के राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप के दूसरे कार्यकाल की शुरुआत के बाद की गई थी। होमलैंड सिक्योरिटी विभाग ने प्रवासियों को सलाह दी है कि वे कस्टम्स और बार्डर प्रोटेक्शन (सीबीपी) एप का उपयोग करके प्रक्रिया शुरू करें। ताकि वे स्वेच्छा से देश छोड़ने की अपनी मंशा को पंजीकृत कर सकें और अपनी जानकारी दे सकें.
वीडियो में किस प्रकार के दिखे दृश्य?
वीडियो क्लिप में रनवे पर बिछी हथकड़ियों और जंजीरों के क्लोज-अप शॉट्स दिखाए गए हैं. अधिकारियों द्वारा प्रवासियों के हाथों को आगे बांधकर टखनों को जंजीरों से जकड़ा जा रहा है और वे इसी हालत में विमान की सीढ़ियों पर चढ़ रहे हैं. प्रवासियों का चेहरा नहीं दिखाया गया है. अमेरिकी राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रम्प प्रशासन अपने समर्थकों को यह दिखाना चाहता है कि वह अवैध आव्रजन (Illegal Immigration) के खिलाफ किए गए वादों पर कड़ाई से काम कर रहा है.
वैश्विक स्तर पर हो रही निंदा
अमेरिका से भेजे जा रहे प्रवासियों का वीडियो के सामने आने के बाद सोशल मीडिया और वैश्विक स्तर पर इसकी भारी निंदा हुई है. मानवाधिकार समर्थकों और आम लोगों ने इसे ‘अमानवीय’, ‘शर्मनाक’ और इंसानी गरिमा के खिलाफ बताया है. सबसे ज्यादा ट्रम्प के करीबी सहयोगी और अरबपति एलन मस्क ने इस वीडियो को रीपोस्ट करते हुए “Haha, wow” लिखा, जिसके कारण उन्हें भी इंटरनेट पर तीखे विरोध का सामना करना पड़ा रहा है. यहां बता दें कि अमेरिका से अवैध प्रवासियों को वापस भेजने के इस अभियान में कई भारतीय नागरिकों को भी डिपोर्ट किया गया है, जो ‘डंकी रूट’ जैसे खतरनाक रास्तों से करोड़ों रुपये खर्च कर अवैध तरीके से अमेरिका पहुंचे थे.
