पहलगाम हमले के बाद भारत के एक्शन से पाकिस्तान में खौफ का माहौल है. इसलिए पाकिस्तान की ओर से UNSC की बैठक बुलाए जाने की अपील की गई थी.
By : DB News Update | Edited By: प्रिंस अवस्थी
Pahalgam Terror Attack: पहलगाम हमले के बाद भारत के एक्शन से पाकिस्तान डर गया है और उसने संयुक्त राष्ट्र सुरक्षा परिषद की बैठक बुलाए जाने की अपील की, जिसके बाद आज (5 मई, 2025) UNSC की मीटिंग बुलाई गई. अब पाकिस्तान ने UNSC से अपील की है कि इस मामले में बंद कमरों में बातचीत की जाए.
पाकिस्तान की मांग पर संयुक्त राष्ट्र सुरक्षा परिषद भारत-पाकिस्तान के बीच मौजूदा हालात पर बंद कमरे में विचार-विमर्श करेगा. UNSC में बंद कमरे में होने वाली चर्चा सार्वजनिक नहीं की जाती. पाकिस्तान वर्तमान में UNSC का एक अस्थायी सदस्य है और जुलाई में 15 देशों वाली संयुक्त राष्ट्र संस्था की अध्यक्षता करेगा.
PAK को सता रहा भारत की जवाबी कार्रवाई का डर
संयुक्त राष्ट्र में पाकिस्तान के स्थायी प्रतिनिधि असीम इफ्तिखार अहमद ने मीडिया से बात करते हुए कहा था कि ये सबकुछ जम्मू-कश्मीर में हुए आतंकी हमले की पृष्ठभूमि में हो रहा है. उन्होंने कहा कि पहलगाम हमले के बाद जो हालात बने, वो क्षेत्रीय और अंतरराष्ट्रीय शांति एवं सुरक्षा के लिए खतरा हैं. पाकिस्तान समेत UNSC के किसी भी सदस्य के लिए यह पूरी तरह उचित होगा कि वह सुरक्षा परिषद की बैठक और चर्चा का अनुरोध करे ताकि इस गंभीर स्थिति पर विचार किया जा सके.

