संसद में गतिरोध के बीच सरकार आज लोकसभा में FCRA संशोधन बिल पेश कर JPC में भेजने की तैयारी, वहीं कई विपक्ष की पार्टियां बिल के खिलाफ हैं.
Source : MEDIA
Written By : DB News Update | Edited By: प्रिंस अवस्थी
Parliament Monsoon Session: संसद के मानसून सत्र के 18वें दिन भी सत्ता पक्ष और विपक्ष के बीच नोकझोंक देखने को मिली और संसद परिसर में जमकर विरोध प्रदर्शन हुआ. दोनों सदनों में हंगामा के चलते लोकसभा और राज्यसभा की कार्यवाही 2 बजे तक के लिए स्थगित कर दी गई. इस हंगामे को लेकर मीडिया ने जब अमित शाह से बात की तो उन्होंने आज बुधवार 12 अगस्त 2026 को बयान देते हुए कहा कि- सरकार हर मुद्दे पर चर्चा को तैयार है लेकिन विपक्ष सदन को चलने नहीं दे रहा है. आज विपक्ष 3 बजे से चर्चा शुरू करें. मैं सदन में बैठूंगा, सबको सुनूंगा और कल 3 बजे सबको जवाब दूंगा.
हमें अमित शाह के भाषण में कोई दिलचस्पी नहीं- विपक्ष
हंगामें के बीच लोकसभा में विपक्ष के नेता राहुल गांधी का भी बयान सामने आया है. उन्होंने मीडिया से चर्चा के दौरान कहा कि, विपक्ष ने साफ-साफ कह दिया है कि हमें अमित शाह के भाषण में कोई दिलचस्पी नहीं है. जब मैं ‘हम’ कहता हूं, तो मेरा मतलब इस देश की युवा पीढ़ी से है. स्टूडेंट्स को गोली किसने मारी? स्टूडेंट्स को कीलों वाली लाठियों से पीटने का ऑर्डर किसने दिया? क्या अमित शाह ने हमारे बच्चों को गोली मारने का ऑर्डर दिया था? अगर उन्होंने दिया है, तो उन्हें इस्तीफा दे देना चाहिए.
उनके घर के सामने हजार पुलिस वाले खड़े होते हैं. 30 गाड़ियां उनके आगे पीछे होती हैं कि कहीं कोई बच्चा न आ जाए. पिछले 20 दिनों से अमित शाह गायब हैं. गृह मंत्री में हिम्मत नहीं है. वह सदन में नहीं आ सकते.
सत्ता पक्ष और विपक्ष दोनों का हंगामा
यहां बतादें कि रांची में छात्रों पर लाठीचार्ज को लेकर झारखंड भाजपा के सांसद राहुल गांधी से जवाब मांग रहे हैं. वहीं विपक्ष राम मंदिर चढ़ावा चोरी और जंतर-मंतर पर लाठीचार्ज के विरोध में प्रदर्शन कर रहा है. विपक्ष की मांग है कि सरकार इन मुद्दों पर चर्चा करे, लेकिन जब केंद्र तैयार हो गया तो उन्होंने सदन में नारेबाजी शुरू कर दी. लोकसभा मंगलवार 11 अगस्त को हंगामे की वजह से 2.25 बजे स्थगित कर दी गई. इस बीच ही सदन ने केरल नाम परिवर्तन विधेयक, 2026 और राष्ट्रीय सहकारी विकास निगम (संशोधन) विधेयक, 2026 को चर्चा के बिना ध्वनिमत से पारित कर दिया.
विधेयक पर होनी है चर्चा
सहकारिता राज्य मंत्री मुरलीधर मोहोल ने गृह एवं सहकारिता मंत्री अमित शाह की ओर से एनसीडीसी (संशोधन) विधेयक पेश किया है. इसका उद्देश्य राष्ट्रीय सहकारी विकास निगम अधिनियम, 1962 में संशोधन करना है, जिससे सहकारी समितियों के लिए निधिकरण प्रक्रिया को तेज और अधिक लचीला बनाया जा सके. गौरतलब है कि हंगामे को देखते हुए लोकसभा में सदन की अध्यक्षता कर रहे कृष्णा प्रसाद टेनेटी ने विपक्षी सांसदों से सदन को सुचारू रूप से चलने देने का आग्रह किया, लेकिन वे फिर भी नहीं माने और हंगामा करते रहे. इसके बाद लोकसभा की कार्यवाही को स्थगित कर दिया गया.
FCRA बिल को JPC भेजो, हमें जो करना है करेंगे-खरगे
कांग्रेस के राष्ट्रीय अध्यक्ष और राज्यसभा में नेता प्रतिपक्ष मल्लिकार्जुन खरगे ने FCRA बिल को JPC में भेजने की बात पर कहा, ‘भेजना चाहिए. कल कुछ नहीं होगा, आज ही है जो है, हम जो कर रहे हैं वो हम करते रहेंगे.’
प्रियंका गांधी ने अमित शाह को घेरा
कांग्रेस सांसद प्रियंका गांधी वाड्रा ने केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह को घेरा है और उन्होंने मीडिया से चर्चा के दौरान कहा कि, ”जब हजारों छात्रों पर आप लाठी बरसाते हो और पेलेट गन चलाते हो और बिहार में AK-47 चलाते हैं तो आप जनता के प्रति जवाबदेही नहीं हैं? आप क्या चाहते हैं कि हम लोग भी चुप बैठें.”
चढ़ावा चोरी के मामले में स्थगन नोटिस
कांग्रेस सांसद मणिकम टैगोर ने देश के मंदिरों में चढ़ाए गए दान और कीमती सामानों की कथित चोरी और अनियमित रखरखाव के विषय पर तत्काल चर्चा के लिए लोकसभा में स्थगन प्रस्ताव का नोटिस दिया.
‘सदन चलने दें’- लोकसभा अध्यक्ष
लोकसभा अध्यक्ष ओम बिरला ने सदन के सदस्यों से कहा कि, ‘सबसे अनुरोध है कि सदन चले. हमारे मतभेद हो सकते हैं, लेकिन देश चाहता है कि सदन चले. देश के लोगों का मत है कि नीतियों, विचारों पर मतभेद हों, लेकिन ये विचारों में अभिव्यक्त होना चाहिए. आग्रह है कि आज अंतरराष्ट्रीय युवा दिवस भी है. भारत के युवाओं ने शिक्षा, विज्ञान, अंतरिक्ष समेत कई क्षेत्रों में विशेष पहचान बनाई है. उनके सामर्थ्य की वजह से भारत का नाम हो रहा है.’

