Ganesh Chaturthi 2024: गणेश चतुर्थी के दिन लोग अपने-अपने घरों में गणपति जी को बैठाते हैं और उनकी पूजा करते हैं
By : डीबी न्यूज अपडेट
Edited By : सुप्रिया
Ganesh Chaturthi 2024: गणेश चतुर्थी के दिन 7 सितंबर 2024 को मध्याह्न गणेश स्थापना के लिए सुबह 11:10 से दोपहर 01:39 शुभ मुहूर्त बन रहा है. घर में सिंदूरी गणेश बैठाना शुभ माना जाता है. इससे घर की नकारात्मक ऊर्जा का नाश होता है. गणेश चतुर्थी पर हमेशा घर में बैठी मुद्रा में गणेश प्रतिमा स्थापित करें. जबलपुर मध्य प्रदेश के ज्योतिषाचार्य विद्वान पंडित प्रदीप मिश्रा की मानें तो उन्होंने बताया कि शास्त्रों के अनुसार बैठे गणपति धन का प्रतिनिधित्व करते हैं. इसलिए गणपति की पूजा का विशेष महत्व है, तभी फल की प्राप्ति होती है.
10 दिन की पूजा में ये हैं नियम
गणेश उत्सव को भगवान गणेश के पुनर्जन्म का जश्न मनाया जाता है. 10 दिन तक बप्पा की पूजा में कुछ खास नियमों का जरुर ध्यान रखें, जैसे गणेश जी की उपासना में सूखे फूल, तुलसी, केतकी का फूल, टूटे अक्षत वर्जित माने गए हैं. गणेश उत्सव के दौरान घर में गणेश जी विराजित करते हैं तो घर को कभी सूना न छोड़े न ही जहां बप्पा बैठे हों वहां अंधेरा करें. रोज सुबह-शाम आरती करना न भूलें.
घर में मूषक का होना जरूरी
गणेश जी की मूर्ति का चुनाव करते वक्त ध्यान रखे कि उसमें चूहा जरूर हो. मूषक यानी चूहा गणपति का वाहन है. मान्यता है बिना मूषक की गणेश मूर्ति की पूजा करने से दोष लगता है.
गणेश जी की बाईं ओर वाली सूंड की प्रतिमा बहुत शुभ होती है. बाईं ओर सूंड वाली मूर्ति को वाममुखी गणपति कहा जाता है. इनकी उपासना से बप्पा जल्द प्रसन्न होते हैं.
शुभ मुहूर्त पर विसर्जन करें
घर में अगर गणेश जी विराजित कर रहे हैं और 10 दिन से पहले ही मूर्ति विसर्जन करना चाहते हैं तो डेढ़, तीन, या पांच दिन तक गणपति बैठाएं. इसके बाद ही शुभ मुहूर्त विसर्जन करें.

