Karnataka: कर्नाटक के गृह मंत्री जी परमेश्वर ने बताया कि मांड्या में गणपति विसर्जन के दौरान हुई हिंसा, फिलहाल नियंत्रण में है स्थिति
By : DB News Update| Edited By: Prince Awasthy
Mandya Violence: गणपति विसर्जन के दौरान कर्नाटक के मांड्या में दो समुदायों के बीच झड़प हुई, जिसके बाद 52 लोगों की गिरफ्तार कर लिया गया है. कर्नाटक के गृह मंत्री जी परमेश्वर ने इसकी जानकारी दी. बताया गया कि गणेश विसर्जन के जुलूस के दौरान हुई हिंसा में दोनों समुदायों की तरफ से एक-दूसरे पर पथराव किया गया और पेट्रोल बम भी फेंके गए.
कर्नाटक के गृह मंत्री जी परमेश्वर ने मीडिया से बात करते हुए बताया कि हिंसा के बाद इलाके में 48 घंटे का कर्फ्यू लगाया गया था और अब स्थिति काबू में हैं. बेंगलुरू में मीडिया से बातचीत करते हुए उन्होंने कहा कि सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और स्थिति पर काबू पाया, 52 लोगों को गिरफ्तार करके इलाके में अतिरिक्त सुरक्षा व्यवस्था की गई हैं.
वाहनों में भी आग लगाई गई
पुलिस के मुताबिक गैरकानूनी तरीके से एकत्र होने, हत्या का प्रयास, सरकारी कर्मचारियों के काम में बाधा डालने, सार्वजनिक संपत्ति को नुकसान पहुंचाने और भारतीय न्याय संहिता की अन्य धाराओं के तहत मामला दर्ज किया गया है. पुलिस ने बताया कि बुधवार को जब बदरिकोप्पलु गांव से श्रद्धालु शोभायात्रा निकाल रहे थे तब दो समूहों के बीच बहस हो गई और कुछ उपद्रवियों ने पथराव किया जिससे स्थिति बिगड़ गई. उन्होंने बताया कि दोनों समूहों के बीच झड़प के बाद कुछ दुकानों में तोड़फोड़ की गई और वाहनों में आग लगा दी गई. पुलिस ने भीड़ को तितर-बितर करने और स्थिति को संभालने के लिए हल्का बल प्रयोग किया. शोभायात्रा निकालने वाले युवाओं के समूह ने थाने के निकट विरोध प्रदर्शन किया और हिंसा के लिए जिम्मेदार लोगों की तत्काल गिरफ्तारी की मांग की.
Source : X

