एडवांस्ड ट्रैक और श्रद्धालुओं को बेहतर सुविधाएं देने के लिए रेल मंत्री अश्विनी वैष्णव ने हाई लेवल मीटिंग की
By : DB News Update | Edited By: प्रिंस अवस्थी
Kumbh Mela 2025: विश्व के सबसे बड़े धार्मिक समागम माने जाने वाले कुंभ मेले के लिए रेलवे की तैयारी सामने आ गई है. यह विशाल धार्मिक समागम 12 जनवरी से प्रयागराज में आयोजित होने वाला है, जिसमें अनुमानित 30 करोड़ से 50 करोड़ श्रद्धालु जुटेंगे.
इसके लिए भारतीय रेलवे की तैयारियां चल रही हैं. रेल मंत्री अश्विनी वैष्णव ने जानकारी दी है कि कुंभ मेला 2025 के लिए भारतीय रेलवे रिकॉर्ड संख्या में ट्रेनें, एडवांस्ड ट्रैक और श्रद्धालुओं के लिए बेहतर सुविधाएं देने के लिए तैयार है. रेलवे की ओर से जानकारी के मुताबिक इसके लिए रेलवे कुल 992 स्पेशल ट्रेनों का संचालन करेगा और कुल ट्रेन सुविधाओं और यात्री सुविधाओं के लिए 933 करोड़ रुपये खर्च किए जाएंगे.
495 करोड़ रुपये की लागत से सुविधाएं जुटाई जा रहीं
रेल मंत्री अश्विनी वैष्णव ने इसे लेकर एक हाई लेवल मीटिंग में तैयारियों को जायजा लिया और रेलवे की सभी तैयारियों को फाइनल टच देते हुए X पर अपने सोशल मीडिया हैंडल के जरिए बड़ी जानकारी शेयर की हैं. यात्री सुविधा कार्यों के लिए कुल 495 करोड़ रुपये की लागत के साथ कई अलग-अलग सुविधाएं लागू की जाएंगी. यात्री सुविधाओं के लिए टिकटिंग कैपिसिटी को कई गुना बढ़ाया गया है.
इन सुविधाओं पर ध्यान दिया जा रहा-
1. यात्री शेल्टर्स
2. बिजली, सुरक्षा, CCTV की व्यवस्था
3. पानी की Supply और शौचालय की सुविधा
4.एक्जीक्यूटिव लाउंज और अस्पताल विस्तार
5. सर्कुलेटिंग एरिया में सुधार
6. ऑन ड्यूटी कर्मचारियों के लिए रहने की व्यवस्था
7. रेलवे परिसर में बाउंड्री निर्माण
रेल मंत्री ने एक X पोस्ट में बताया है कि 12 जनवरी 2025 से 28 फरवरी 2025 तक चलने वाले कुंभ मेले आने वाले श्रद्धालुओं के लिए स्पेशल ट्रेनें और यात्री सुविधाएं शुरू की जाएंगी.
ये हैं महत्वपूर्ण तारीखें-
पौष पूर्णिमा: 13 जनवरी 2025
मकर संक्रांति: 14 जनवरी 2025
मौनी अमावस्या: 29 जनवरी 2025 को (5-6 करोड़ श्रद्धालु) आने का अनुमान है.
बसंत पंचमी: 3 फरवरी 2025
माघी पूर्णिमा: 12 फरवरी 2025
महाशिवरात्रि: 26 फरवरी 2025
इसके अलावा जो खास प्रयास किए जा रहे हैं
3700 करोड़ रुपये की लागत से प्रयागराज डिवीजन और इससे जुड़े आसपास के स्थानों के रेलवे ट्रैक की डबलिंग की जा रही है. इस पर खास तौर पर ध्यान दिया जा रहा है जिससे कि कुंभ मेले के दौरान और मेले के पीक सीजन में ट्रेन सुविधाएं सुचारू रूप से चलती रहें.
रोड रिपेयर्स, सीसीटीवी कैमरा की तैनाती की जाएगी
440 करोड़ रुपये की लागत से रोड ओवरब्रिज का निर्माण करने के लिए मंजूरी दी जा चुकी है. 495 करोड़ रुपये के जरिए कई ईनीशिएटिव लिए जा रहे हैं जैसे कि रोड रिपेयर्स, सीसीटीवी कैमरा की तैनाती की जाएगी. इसके जरिए प्रयागराज आने वाले यात्रियों के लिए ठहरने की व्यवस्था वाली यूनिट्स, वेटिंग रूम और मेडिकल सुविधाएं सभी कुछ मुहैया कराया जाएगा.

