हाथ में तिरंगा, जुबां पर बंटोगे तो कटोगे का नारा… कनाडा के मंदिर में हमले के बाद हिंदुओं में आक्रोश
By : DB News Update | Edited By : प्रिंस अवस्थी
Attack on temple in canada: खालिस्तानी कट्टरपंथियों द्वारा एक हिंदू मंदिर पर किए गए हमले को लेकर कनाडा में रहे हिंदू समुदाय के लोगों में गहरा आक्रोश है. उन्होंने हमले के विरोध में मंदिर परिसर में विरोध प्रदर्शन किए और बंटोगे तो कटोगे के नारे लगाए.
कनाडा में रविवार को एक हिंदू मंदिर पर खालिस्तान समर्थक कट्टरपंथियों द्वारा किए गए हमले को लेकर बवाल मच गया है. इस हमले ने कनाडा में हिंदू समुदाय को भी उग्र कर दिया है. हमले के बाद हिंदू सभा मंदिर में जुटी भीड़ द्वारा नारेबाजी की जा रही है और घटना को लेकर विरोध जताया जा रहा है.
इस दौरान भीड़ ने भारत माता की जय और ‘बंटोगे तो कटोगे’ के नारे भी लगाए. ‘बंटोगे तो कटोगे’ का नारा इन दिनों यूपी की राजनीति में खूब चर्चा का विषय बना हुआ है. उत्तर प्रदेश के सीएम योगी आदित्यनाथ ने पिछले दिनों हरियाणा में विधानसभा चुनाव प्रचार के दौरान यह नारा दिया था.
योगी का नारा सोशल मीडिया में वायरल हो रहा
अब योगी के इस नारे की गूंज कनाडा में सुनाई दे रही है. सोशल मीडिया पर एक वीडियो वायरल हो रहा है. इसमें कनाडा के ब्रैम्पटन का हिंदू मंदिर दिख रहा है. यहीं पर रविवार को खालिस्तानी चरमपंथियों ने हमला किया था. इस मंदिर के पुजारी लोगों की भीड़ को संबोधित कर रहे हैं. इस दौरान भीड़ नारे लगा रही है. वह भारत माता की जय और बंटोगे तो कटोगे के नारे लगा रही है.
हिंदुओं का प्रदर्शन
इस बीच इस हमले के विरोध में सोमवार को हिंदू समुदाय के लोग सकड़ पर उतर गए. कई जगहों पर विरोध प्रदर्शन हुए. इस दौरान कनाडा की पुलिस प्रदर्शनकारियों को काबू में करने के लिए बल प्रयोग करती दिखी. प्रदर्शनकारी यहां भी भारत माता की जय के नारे लगा रहे थे.

