राम नवमी 6 अप्रैल 2025 को मनाई जाएगी. इस दिन श्रीराम का जन्म दिवस मनाया जाता है, राम नवमी वाले दिन घर में कुछ खास स्थानों की सफाई जरुर करें तभी मां लक्ष्मी घर में वास करती हैं.
Source : DB News Update
By : ज्योतिषाचार्य पंडित प्रदीप मिश्रा | Edited By : प्रिंस अवस्थी
Ram Navami 2025, Vastu Tips: हिंदू धर्म में राम नवमी का त्योहार बहुत महत्व रखता है, क्योंकि राम सिर्फ मंदिरों में पूजे जाने वाले ईश्वर नहीं, बल्कि जीवन के हर क्षेत्र में सही मार्ग दिखाने वाले आदर्श हैं. कहते हैं कि जिस पर राम कृपा बरसती है उसका जीवन सदा सुखमय रहता है.
धन-धान्य के भंडार भरे रहते हैं. राम जी चूंकि विष्णु जी के अवतार है, और विष्णु जी के हर अवतार की पूजा में विशेष नियमों का ध्यान रखना चाहिए, तभी मां लक्ष्मी की कृपा बनी रहती है. ऐसे में राम नवमी पर घर में 5 स्थानों की सफाई जरुर करें, तभी घर में लक्ष्मी का वास होगा.
इन जगह की करें सफाई
मंदिर – वास्तु के अनुसार घर का मंदिर सकारात्मक ऊर्जा के संचार का स्त्रोत होता है. ऐसे में राम नवमी पर पूजा मंदिर को अच्छी तरह साफ करें. पुरानी खंडित मूर्तियों को घर में नहीं रखना चाहिए, इससे परिवार पर दोष लगता है. अगरबत्ती के खाली पैकेट, पन्नी, बासी फूल, हार या फिर कोई अन्य पूजा से संबंधित अनुपयोगी सामग्री को हटा दें. इससे दरिद्रता आती है.
रसोई घर – किचन घर की सबसे पवित्र जगह होती है. यहां मां लक्ष्मी और देवी अन्नपूर्णा का वास होता है. ऐसे में राम नवमी पर रसोई घर को अच्छी तरह साफ करें, पुराने टूटे फूटे बर्तन को बाहर निकालें, गंदे बर्तनों को अच्छी तरह धोएं और फ्रिज में अगर सामग्री खराब हो गई है तो उसे तुरंत हटा दें. इससे राहु-केतु का प्रभाव बढ़ जाता है.
इस दिशा को जरुर रखें साफ – वास्तु नियमों के अनुसार घर की उत्तर दिशा, ईशान कोण और वायव्य कोण को साफ रखना बेहद जरूरी माना जाता है. ऐसा माना जाता है कि घर की इन दिशाओं को सबसे पहले साफ करना चाहिए, क्योंकि इन दिशाओं में समस्त देवी-देवता का वास होता है.यहां सफाई न हो तो घर में लक्ष्मी जी नहीं टिकती हैं.
मुख्य द्वार पर न हो गंदगी – घर की दहलीज से ही पॉजिटिव और नेगेटिव एनर्जी प्रवेश करती है. ऐसे में राम नवमी वाले दिन घर के मुख्य द्वार को अच्छी तरह साफ करें. कोई कचरा, रद्दी, जूते-चप्पल आदि वहां नहीं रखें. इससे मां लक्ष्मी चौखट पर आकर लौट जाती हैं.
घी का दीपक जलाना उत्तम
राम नवमी के शुभ अवसर पर घर के मंदिर में राम दरबार (राम, सीता, लक्ष्मण, हनुमान) की तस्वीर के सामने एक घी का दीपक जलाना सबसे उत्तम माना गया है. इसक साथ ही आप घर के बाहर 9-9 या 11-11 दीपक जलाकर भी राम नवमी का दीपोत्सव मना सकते हैं. ऐसा करने से जातक को विशेष लाभ मिलता है.
दूर होती है नेगेटिव एनर्जी
राम नवमी की शाम को घर के मुख्य द्वार पर तेल का दीपक जलाना चाहिए. ऐसी मान्यता है कि गोधूलि बेला में इस स्थान पर दीपक जलाने से घर में सकारात्मक ऊर्जा का प्रवाह बढ़ता है और नकारात्मकता दूर रहती है. इस दिन पर मुख्य द्वार के दोनों ओर दीपक जलाना चाहिए. साथ ही दीपक की लौ उत्तर दिशा की ओर होनी चाहिए.
वास्तु शास्त्र की दृष्टि से भी शुभ
वास्तु शास्त्र में ईशान कोण यानी उत्तर-पूर्व दिशा को सकारात्मक ऊर्जा का प्रवेश द्वार बताया गया है. ऐसे में राम नवमी के पावन अवसर पर इस दिशा में एक दीपक जरूर जलाएं. इसके साथ ही आप शाम के समय घर की बालकनी या छत पर दीए जलाकर भी राम नवमी पर का उत्सव मना सकते हैं, जो बहुत ही शुभ माना गया है.
इस स्थान पर न रखें कूड़ा
वास्तु शास्त्र के अनुसार, उत्तर दिशा के अधिष्ठित देवता कुबेर और धन की देवी माता लक्ष्मी हैं जो धन और समृद्धि के द्योतक हैं. इस स्थान को मातृ स्थान भी कहा गया है. इसलिए इस स्थान में कूड़ा या बेकार का सामान नहीं रखना चाहिए. इस दिशा को हमेशा साफ-सुथरा रखना चाहिए, इससे धन लाभ होता है. घर का यह हिस्सा सकारात्मक ऊर्जा से भरा रहता है, अगर इस स्थान पर बेकार चीज रखेंगे तो मां लक्ष्मी और कुबेर देवता नाराज हो जाते हैं. इस स्थान को खाली रखना या कच्ची भूमि छोड़ना धन और समृद्धि कारक है.
Disclaimer: यह सूचना सिर्फ मान्यताओं और जानकारियों पर आधारित है. यहां यह बताना जरूरी है कि DBNewsupdate.com किसी भी तरह की मान्यता, जानकारी की पुष्टि नहीं करता है. किसी भी जानकारी या मान्यता को अमल में लाने से पहले संबंधित विशेषज्ञ से सलाह लें.
