Kargil Vijay Diwas 2024: करगिल विजय दिवस के मौके पर आज पूरा देश उन वीर जवानों को याद कर रहा है, जिन्होंने पाकिस्तान के साथ युद्ध में अपनी कुर्बानी दी है.

By : डीबी न्यूज अपडेट | Edited By: सुप्रिया
PM Modi in Kargil: प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी शुक्रवार (26 जुलाई) को केंद्रशासित प्रदेश लद्दाख के द्रास में पहुंचे. यहां पर उन्होंने कारगिल विजय दिवस के मौके पर वॉर मेमोरियल पहुंचकर पाकिस्तान के खिलाफ जंग में शहीद होने वाले जवानों को श्रद्धांजलि दी. पीएम मोदी ने कारगिल से पाकिस्तान को चेतावनी देते हुए कहा कि उसके नापाक मंसूबे कभी कामयाब नहीं होंगे. 1999 के युद्ध में पाकिस्तान पर भारत की जीत की याद में आज देशभर में कारगिल विजय दिवस मनाया जा रहा है.
सरकार का लद्दाख में बहुत ज्यादा फोकस
पीएम मोदी ने लद्दाख में शिंकुन ला सुरंग परियोजना की भी पहले ब्लास्ट के साथ शुरुआत की. प्रधानमंत्री कार्यालय (पीएमओ) के अनुसार, यह परियोजना लेह को सभी मौसम में संपर्क प्रदान करेगी और पूरी होने पर यह दुनिया की सबसे ऊंची सुरंग होगी. पिछले कुछ वर्षों में सरकार लद्दाख में बहुत ज्यादा फोकस कर रही है. यहां पर कई प्रमुख सड़कों की मरम्मत की गई है और नई सड़कों और पुलों को बनाया गया है.
देश की रक्षा की बाजी लगाने वालों के नाम रहते हैं अमिट: पीएम
कारगिल में शहीदों को श्रद्धांजलि देने के बाद लोगों को संबोधित करते हुए पीएम मोदी ने कहा, “कारगिल विजय दिवस हमें बताता है कि राष्ट्र के लिए दिये गए बलिदान अमर होते हैं. दिन, महीने वर्ष गुजरते हैं, दशक गुजरते हैं और सदियां भी गुजर जाती हैं. मगर राष्ट्र की रक्षा के लिए अपनी जान की बाजी लगाने वाले लोगों के नाम अमिट रहते हैं. कारगिल में हमने केवल युद्ध नहीं जीता था, हमने ‘सत्य, संयम और सामर्थ्य’ का अद्भुत परिचय दिया था.”
‘मातृभूमि की रक्षा के लिए बलिदान देने वाले शहीदों को नमन’
पीएम मोदी ने कहा, “मेरा सौभाग्य है कि कारगिल युद्ध के समय मैं एक सामान्य देशवासी के रूप में अपने सैनिकों के बीच था. आज जब मैं फिर कारगिल की धरती पर हूं, तो स्वाभाविक है कि वो स्मृतियां मेरे मन में ताजा हो गई हैं. मुझे याद है कि किस तरह हमारी सेनाओं ने इतनी ऊंचाई पर, इतने कठिन युद्ध ऑपरेशन को अंजाम दिया था. मैं उन शहीदों को नमन करता हूं, जिन्होंने कारगिल में मातृभूमि की रक्षा के लिए अपना सर्वोच्च बलिदान दिया.”
पाकिस्तान ने दिखाया था अविश्वासी चेहरा: पीएम
पाकिस्तान पर बरसते हुए पीएम मोदी ने कहा, “कारगिल में हमने केवल युद्ध नहीं जीता था, हमने ‘सत्य, संयम और सामर्थ्य’ का अद्भुत परिचय दिया था. आप जानते हैं, भारत उस समय शांति के लिए प्रयास कर रहा था. बदले में पाकिस्तान ने फिर एक बार अपना अविश्वासी चेहरा दिखाया, लेकिन सत्य के सामने असत्य और आतंक की हार हुई.”
आतंक को पूरी ताकत से कुचलेंगे: पीएम मोदी
प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने आतंकवाद के खिलाफ जीरो टोलरेंस की नीति अपनाने की बात की. उन्होंने कहा कि आतंकवाद को हमारे जांबाज पूरी ताकत से कुचलेंगे. दुश्मन को मुंहतोड़ जवाब दिया जाएगा. लद्दाख हो या फिर जम्मू-कश्मीर, विकास के सामने आ रही हर चुनौती को भारत परास्त करके ही रहेगा.

