अलीगढ़ दौरे पर आरएसएस प्रमुख मोहन भागवत ने सामाजिक एकता पर जोर दिया. उन्होंने जातिगत भेदभाव खत्म करने के लिए ‘एक मंदिर, एक कुआं, एक श्मशान’ के सिद्धांत को अपनाने की बात कही.
By : DB News Update | Edited By: प्रिंस अवस्थी
RSS Chief Mohan Bhagwat: राष्ट्रीय स्वयंसेवक संघ (आरएसएस) प्रमुख मोहन भागवत ने अलीगढ़ में पांच दिवसीय दौरे पर आए और उन्होंने दो प्रमुख शाखाओं-एचबी इंटर कॉलेज और पंचन नगरी पार्क में स्वयंसेवकों को संबोधित किया. अपने संबोधन में हिंदू समाज से जातिगत मतभेदों को समाप्त करने की पुरजोर अपील की. उन्होंने कहा कि ‘एक मंदिर, एक कुआं और एक श्मशान’ की नीति अपनाकर सभी वर्गों में समरसता और समानता लाएं. उन्होंने कहा कि हमें सभी वर्गों को समान सम्मान देना होगा. यही हमारा धर्म है, यही हमारी संस्कृति है.
संस्कार और मूल्य RSS की नींव
आरएसएस प्रमुख ने स्वयंसेवकों को सामाजिक सद्भाव बढ़ाने के लिए संस्कार, परंपरा और सांस्कृतिक मूल्यों पर जोर देने को कहा. उन्होंने कहा कि “हमें ऐसा समाज बनाना है जो न केवल सशक्त हो, बल्कि सभी वर्गों को साथ लेकर चलने वाला हो.” उन्होंने कहा कि हमारे त्योहार केवल उत्सव नहीं हैं, बल्कि वे सामाजिक एकता के अवसर भी हैं. उन्होंने सभी वर्गों के लोगों को साथ मिलकर त्योहार मनाने का आग्रह किया.

