Dana Cyclone : मौसम विभाग की मानें तो इस चक्रवाती तूफान का असर पश्चिम बंगाल, ओडिशा, बिहार और झारखंड में दिखाई देगा.
By : DB News Update| Edited By : प्रिंस अवस्थी
Cyclone Dana : दाना चक्रवाती तूफान फिलहाल ओडिशा के तट से करीब 250 किलोमीटर दूर है. मौसम विभाग की ताजा जानकारी के मुताबिक, फिलहाल 12 किलोमीटर प्रति घंटे की रफ्तार से तूफान आगे बढ़ रहा है.
समुद्री तटों पर धारा 144 लागू
दाना तूफान को देखते हुए ओडिशा सरकार ने आपदा राहत बल को तैनात करते हुए स्कूल-कॉलेजों को बंद करने का फैसला किया है. इसके अलावा सभी सरकारी कर्मचारियों की छुट्टियां रद कर दी गई हैं. पर्यटकों को समुद्र तट की ओर से जाने से मना किया गया है. समुद्री तटों पर एहतियात के तौर पर धारा 144 लगा दी गई है.
190 ट्रेनों को किया गया रद्द
तूफान दाना के मद्देनजर पूर्वी रेलवे अपने सियालदह मंडल में गुरुवार रात 8 बजे से शुक्रवार सुबह 10 बजे तक 190 लोकल ट्रेन का परिचालन नहीं करेगा.
भुवनेश्वर में भी उड़ान सेवाएं 16 घंटे के लिए निलंबित
चक्रवाती तूफान दाना के मद्देनजर भुवनेश्वर स्थित बीजू पटनायक अंतरराष्ट्रीय हवाई अड्डे पर गुरुवार शाम से उड़ानों का परिचालन 16 घंटों के लिए निलंबित रहेगा. एयरपोर्ट प्रशासन ने बयान में कहा है कि तूफान दाना के कारण 24 अक्टूबर को शाम 5 बजे से 25 अक्टूबर को सुबह 9 बजे तक हवाई अड्डे का परिचालन निलंबित रहेगा. भुवनेश्वर हवाई अड्डे से रोज 100 से अधिक फ्लाइट का संचालन होता है.

