Kishtwar के चशोती गांव में बादल फटने से भारी नुकसान हो गया है. 120 को बचा लिया गया है और 100 से ज्यादा अस्पताल में एडमिट बताए जा रहे हैं.
By : DB News Update | Edited By : प्रिंस अवस्थी
Kishtwar Cloudburst: जम्मू कश्मीर के किश्तवाड़ में कुदरत ने कहर बरपाया है. यहां जिले के चशोती गांव में बादल फटने से 38 लोगों की मौत हो चुकी है. जबकि 100 लोगों को अस्पताल में भर्ती करवाया गया है. मौके पर बचाव और राहत कार्य जारी है. एनडीआरएफ की टीमों को तैनात किया गया है. साथ ही स्थानीय प्रशासन भी लोगों को रेस्क्यू करने में जुटा हुआ है.
अब तक 120 लोगों को बचाने की खबर
मीडिया रिपोर्ट की मानें तो मृतकों की संख्या और बढ़ सकती है. अब तक 120 लोगों को बचा लिया गया है, जिनमें 38 लोगों की हालत गंभीर बताई जा रही है. मृतकों में केंद्रीय औद्योगिक सुरक्षा बल (सीआईएसएफ) के दो जवान भी शामिल होना बताए जा रहे हैं.
मचैल माता मंदिर जाने के लिए जमा थे लोग
पता चला है कि मचैल माता मंदिर जाने वाले रास्ते के चशोती गांव में यह आपदा अपराह्न 12 बजे से एक बजे के बीच आई. हादसे के समय मचैल माता यात्रा के लिए बड़ी संख्या में लोग इकट्ठा हुए थे.
साढ़े नौ हजार फुट की ऊंचाई पर स्थित मचैल माता मंदिर तक जाने के लिए श्रद्धालु चशोती गांव तक ही मोटर वाहन से पहुंच सकते हैं, उसके बाद उन्हें 8.5 किलोमीटर की पैदल यात्रा करनी होती है.

