अंतरराष्ट्रीय महिला दिवस पर भी पीएम मोदी के सोशल मीडिया अकाउंट को महिलाओं के जिम्मे किया. ‘मन की बात’ कार्यक्रम में कहा था कि सोशल अकाउंट की कमान महिलाएं संभालेंगी.
Source : MEDIA
By : DB News Update | Edited By: प्रिंस अवस्थी
International Women’s Day 2025 : अंतर्राष्ट्रीय महिला दिवस के मौके पर प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने भी शनिवार (8 मार्च, 2025) को सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म एक्स के जरिए महिलाओं को शुभकामनाएं दी. इस मौके पर पीएम मोदी ने कहा कि उनका सोशल मीडिया अकाउंट विभिन्न क्षेत्रों में सफल महिलाएं संभालेंगी.
महिला दिवस पर हम अपनी नारी शक्ति को नमन करते हैं!
मीडिया रिपोर्ट के मुताबिक पीएम मोदी ने कहा है कि विभिन्न क्षेत्रों की सफल महिलाएं आज के दिन उनके सोशल मीडिया अकाउंट संभालेंगी. पीएम मोदी ने कहा, “महिला दिवस पर हम अपनी नारी शक्ति को नमन करते हैं! हमारी सरकार ने हमेशा महिलाओं को सशक्त बनाने के लिए काम किया है, जो हमारी योजनाओं और कार्यक्रमों में झलकता है. आज, जैसा कि वादा किया गया था, मेरी सोशल मीडिया प्रॉपर्टीज़ को उन महिलाओं की ओर से संभाला जाएगा, जो विभिन्न क्षेत्रों में अपनी पहचान बना रही हैं.”
सभी विद्याएं देवी के ही विभिन्न स्वरूपों की अभिव्यक्ति हैं
वीडियो में पीएम मोदी ने कहा, “सभी विद्याएं देवी के ही विभिन्न स्वरूपों की अभिव्यक्ति हैं और जगत की समस्त नारी शक्ति में भी उनका ही प्रतिरूप है. हमारी संस्कृति में बेटियों का सम्मान सर्वोपरि रहा है. इस सदी में ग्लोबल ग्रोथ में एक बहुत बड़ा फैक्टर महिलाओं की भागीदारी का होने वाला है. जो देश, जो समाज जितनी अधिक भागीदारी महिलाओं को देगा, उतना ही तेजी से ग्रो करेगा। भारत में आज वूमेन लीड डेवलपमेंट का दौर है.”
पीएम मोदी ने आगे कहा, “नारी, नीति, निष्ठा, निर्णय शक्ति और नेतृत्व की प्रतिबिंब होती हैं. आज भारत महिलाओं की आवश्यकताओं और उनकी आकांक्षाओं को ध्यान में रखते हुए योजनाएं बना रहा है, निर्णय ले रहा है. देश की नई शक्ति विकसित भारत के संकल्प की सिद्धि की सबसे बड़ी गारंटी है. तो आइए इस बार महिला दिवस पर हम सब मिलकर अदम्य नारी शक्ति को सेलिब्रेट करें, सम्मान करें, नमन करें.”
‘मन की बात’ कार्यक्रम में कहा था कि सोशल अकाउंट की कमान महिलाएं संभालेंगी
बता दें कि पीएम मोदी ने हाल ही में ‘मन की बात’ कार्यक्रम में कहा था कि इस बार महिला दिवस पर उनके सोशल अकाउंट की कमान महिलाएं संभालेंगी. इस दौरान पीएम मोदी ने देश के लिए सर्वस्व समर्पित करने वाली महिलाओं को भी याद किया था उन्होंने कहा था, “महिला दिवस के इस विशेष अवसर पर मैं अपने सोशल मीडिया अकाउंट जैसे एक्स, इंस्टाग्राम को देश की कुछ इंस्पायरिंग वीमेन को, एक दिन के लिए सौंपने जा रहा हूं. ऐसी वीमेन, जिन्होंने अलग-अलग क्षेत्रों में उपलब्धियां हासिल की हैं, इनोवेशन किया है, जिन्होंने अलग-अलग क्षेत्रों में अपनी एक अलग पहचान बनाई है.
समाज में महिलाओं की भूमिका का महत्व
प्रधानमंत्री मोदी की यह पहल महिलाओं के कार्यों और उपलब्धियों को व्यापक रूप से सराहने का एक तरीका है. यह कदम न केवल महिलाओं को प्रेरित करेगा, बल्कि यह समाज के अन्य वर्गों को भी यह संदेश देगा.कि महिलाएं हर क्षेत्र में पुरुषों के बराबर कड़ी मेहनत और समर्पण से सफलता प्राप्त कर सकती हैं.
सोशल मीडिया की यूजर्स की प्रतिक्रिया
डॉ. अंजली अग्रवाल – कार्यकर्ता
समर्थ्यम सेंटर फॉर यूनिवर्सल एक्सेसिबिलिटी की संस्थापक डॉ. अंजली अग्रवाल ने प्रधानमंत्री मोदी के सोशल मीडिया हैंडल पर लिखा, “नमस्ते भारत और महिला दिवस की हार्दिक शुभकामनाएं। मैं डॉ. @access_anjlee, समर्थ्यम सेंटर फॉर यूनिवर्सल एक्सेसिबिलिटी की संस्थापक हूं. आज मुझे प्रधानमंत्री @narendramodi के सोशल मीडिया हैंडल का कार्यभार संभालने का सौभाग्य प्राप्त हुआ है। इसके माध्यम से मैं परिवर्तन की एक चिंगारी प्रज्वलित करना चाहती हूं और कार्रवाई का आह्वान करती हूं – रूढ़ियों और बाधाओं को भूल जाइए… आइए सुगम्य भारत को मजबूत करें और इसे विकसित भारत का एक महत्वपूर्ण अग्रदूत बनाएं. आइए सुनिश्चित करें कि प्रत्येक महिला, प्रत्येक व्यक्ति, गरिमा और स्वतंत्रता के साथ अपना जीवन जी सके. आइए हाल की उपलब्धियों को आगे बढ़ाएं और दिव्यांगजनों के जीवन को बेहतर बनाएं.”
अजैता शाह – उद्यमी
“मैं, @अजैता_शाह, महिला दिवस के अवसर पर प्रधानमंत्री @नरेंद्रमोदी जी के सोशल मीडिया हैंडल को संभालकर बेहद प्रसन्न हूं. मैं फ्रंटियर मार्केट्स की संस्थापक और सीईओ हूं. ग्रामीण क्षेत्रों में महिलाओं को जिन चुनौतियों का सामना करना पड़ता है, वे मेरे दिल के बेहद करीब हैं। ये चुनौतियां वित्तीय, बुनियादी ढांचे तक पहुंच और अन्य कई तरह की हो सकती हैं. इसलिए, मैंने पिछले दो दशकों से इन चुनौतियों को कम करने के लिए काम किया है. और मुझे गर्व है कि न केवल मैं बदलाव लाने में सक्षम रही हूं, बल्कि मैं कई और महिलाओं को भी आगे बढ़कर ऐसा करते हुए देख रही हूं,” उन्होंने X पर लिखा.

