प्रयागराज महाकुंभ में आग लगने का सिलसिला नहीं थम रहा है. अब शनिवार की देर शाम को महाकुंभ के सेक्टर 18 में एक बार फिर से आग लगी है.
By : DB News Update | Edited By: प्रिंस अवस्थी
Mahakumbh Fire: प्रयागराज महाकुंभ में आग लगने का सिलसिला थम नहीं रहा है. शनिवार की देर शाम सेक्टर 18 में कल्पवासियों के शिविर में आग लग गई. यहां लगी आग से दो टेंट जलकर राख हो गए. टेंट में रखे सारे सामान भी जलकर राख हो गई. गृहस्थी के साथ ही नगद रखे हुए 80 हजार रुपए भी जलकर राख हो गए. यह आग सेक्टर 18 के दंडी स्वामी नगर में रामकृष्ण आश्रम कैंप में लगी थी.
रसोई गैस पर चाय बनाते वक्त लीकेज से आग लगी थी. आग में एक श्रद्धालु मामूली रूप से झुलसा है. वहीं अगल-बगल के कैंप वालों ने तेजी दिखाते हुए आग पर काबू पाया लिया है. जलते हुए सिलेंडर पर बाल्टी रखकर आग पर काबू पाया. हालांकि तब तक दोनों टेंट में रखे सारे सामान जल कर राख हो गए थे. दोनों टेंट में नौ श्रद्धालु रह रहे थे.
4 एंबुलेंस भेजने की थी तैयारी
मीडिया रिपोर्ट के मुताबिक आग लगने के बाद राहत की बात यह है कि सभी श्रद्धालुओं को सुरक्षित निकाल लिया गया. आग बुझाने के लिए फायर ब्रिगेड की 10 गाड़ियां मौके पर पहुंची थी. चार एंबुलेंस भी एहतियात के तौर पर भेजी गई थी. शनिवार की रात को ही महाकुंभ के सेक्टर 17 में विद्युत विभाग के उपकेंद्र में भी आग लगी थी. हाई टेंशन फ्यूज में आग लगने से अफरा तफरी मची थी.

