पार्टी ने निर्मला और विजय रूपाणी को पर्यवेक्षक बनाया, बीजेपी के दोनों पर्यवेक्षक आज मुंबई पहुंचकर भाजपा के विधायकों संग बैठक कर सकते हैं. इस बैठक में सीएम तय हो सकता है. हालांकि, आधिकारिक घोषणा कल की जाएगी.
By : DB News Update | Edited By: प्रिंस अवस्थी
Maharashtra New CM Latest News: भाजपा ने महाराष्ट्र में नए CM का नाम तय करने के लिए वित्त मंत्री निर्मला सीतारमण और गुजरात के पूर्व मुख्यमंत्री विजय रूपाणी को पर्यवेक्षक बनाया है. बीजेपी विधायक दल की बैठक 4 दिसंबर को सुबह 10 बजे विधान भवन में होगी. इसके बाद सीएम के नाम का ऐलान होगा. 5 दिसंबर को शाम 5 बजे मुंबई के आजाद मैदान में शपथ समारोह होगा.
भाजपा नेता बोले- शिंदे की तबियत खराब है
भाजपा नेता और पिछली सरकार में मंत्री रहे गिरीश महाजन ने शिंदे से ठाणे में मुलाकात की. उन्होंने कहा कि शिंदे को गले में संक्रमण है और बुखार भी है. गिरीश ने कहा- एकनाथ शिंदे का दिल बहुत बड़ा है. वे छोटी-छोटी बातों पर नाराज होने वालों में से नहीं हैं. महायुति में सब ठीक है. अब सब एकसाथ काम करते दिखेंगे. पांच साल मजबूती से सरकार चलानी है.
शिंदे बोले- जनता मुझे CM बनाना चाहती
शिंदे ने इंडियन एक्सप्रेस को दिए इंटरव्यू में कहा, ‘जनता चाहती है कि CM मैं ही रहूं। मैं आम लोगों के लिए काम करता हूं. मैं जनता का मुख्यमंत्री हूं. इसी वजह से लोग मानते हैं कि मुझे ही मुख्यमंत्री बनना चाहिए.’

