Pakistan Sends Mangoes To Indian MPs: BJP का दावा- ‘PAK से हैं नापाक रिश्ते’, मीडिया के माध्यम से नेताओं ने घेरा, मीडिया रिपोर्ट्स में बताया है कि राहुल गांधी समेत सात लोकसभा सांसदों को पाकिस्तानी उच्चायोग की तरफ से आम भेजे गए.
By : डीबी न्यूज अपडेट | Edited By: सुप्रिया
Giriraj Singh Attacks Rahul Gandhi: पाकिस्तान के उच्चायोग ने पेटियों में भरकर भारत आम भेजे हैं. लोकसभा में नेता विपक्ष और कांग्रेस सांसद राहुल गांधी समेत सात सांसदों को आम भेजे गए हैं. दिल्ली के कई मीडिया रिपोर्ट्स में इसका दावा किया गया है. बीजेपी ने भी कुछ ऐसा ही दावा किया है और राहुल गांधी को निशाने पर लिया है. पार्टी के वरिष्ठ नेता और केंद्रीय मंत्री गिरिराज सिंह ने कहा है कि राहुल को पाकिस्तान से आम मिले हैं. इससे साफ जाहिर होता है कि पड़ोसी मुल्क के साथ उनके नापाक रिश्ते हैं.
इन्हें भेजे गए हैं आम?
मीडिया रिपोर्ट्स के अनुसार राहुल गांधी के अलावा राज्यसभा सांसद कपिल सिब्बल और तिरुवनंतपुरम सांसद और कांग्रेस नेता शशि थरूर सहित समाजवादी पार्टी के रामपुर से सांसद मोहिबुल्लाह नदवी, संभल सांसद जिया-उर-रहमान बर्क, कैराना सांसद इकरा हसन और गाजीपुर सांसद अफजाल अंसारी को भी पाकिस्तानी उच्चायोग ने गिफ्ट में आम भेजा है. अभी तक इस संबंध में कोई भी आधिकारिक बयान सामने नहीं आया है.
बीजेपी नेताओं ने घेरा
एएनआई से बात करते हुए गिरिराज सिंह ने कहा कि राहुल गांधी के पाकिस्तान के साथ नापाक रिश्ते हैं. उन्होंने कहा, “मैं देश को बताना चाहता हूं कि राहुल गांधी ने कुछ समय पहले कहा था कि यूपी का आम उन्हें अच्छा नहीं लगता है. पाकिस्तान के दूतावास ने उन्हें आम भेजा है. पाकिस्तान के आम के साथ-साथ उन्हें क्या-क्या चीजें अच्छी लगती हैं, राहुल गांधी को बताना चाहिए. क्या वह पाकिस्तान से मोदी को हटाने के लिए नया (तरीका) मांगने गए हैं. पाकिस्तान से इनके नापाक रिश्ते हैं.” वहीं बीजेपी सांसद अनुराग ठाकुर ने भी इस मामले पर विपक्षी नेताओं की आलोचना करते हुए कहा कि उन्हें वहां से आम मिल रहे हैं, जहां उनका दिल है. बीजेपी नेता अमित मालवीय ने राहुल गांधी, कपिल सिब्बल और शशि थरूर सहित सात विपक्षी नेताओं के नाम की लिस्ट जारी करते हुए आम के कार्टन मिलने का दावा किया है और उन्होंने कहा कि कुछ लोगों की पहचान इससे भी की जा सकती है कि उन्हें आम कौन भेजता है.

