भरतपुर पुलिस को ठग गैंग का पर्दाफाश करने में सफलता मिली
By : डीबी न्यूज अपडेट | Edited By: सुप्रिया
Crime News: देश में बेरोजगारी बढ़ती जा रही है, युवा नौकरी पाने की लालच में अपना घर व संपत्ति लुटाने को तैयार हैं. इन बेरोजगारों को चूना लगाने के लिए ठगों का गिरोह तैयार हो गया है. अभी हाल में राजस्थान पुलिस के हाथ ऐसे ठग हाथ लगे हैं और भरतपुर पुलिस ने ठगों के गिरोह का पर्दाफॉश किया है. दरअसल राजस्थान में रेलवे में नौकरी लगवाने का झांसा देकर 90 लाख से ठगी का मामला उजागर हुआ है.
ठग गैंग के सदस्य फर्जी जॉइनिंग लेटर तैयार करके बेरोजगारों को चूना लगाते थे. नदबई पुलिस ने कार्रवाई करते हुए मास्टरमाइंड सहित तीन ठगों को गिरफ्तार कर लिया है. पूछताछ में पता चला है कि 25 बेरोजगारों से लगभग 90 लाख रुपये तक वसूले गये हैं. आरोपी रेलवे में बड़े अधिकारी के नाम की सील लगाकर फर्जी जॉइनिंग लेटर जारी करते थे.
फर्जी ज्वॉइनिंग लेटर के जरिए करते थे ठगी
पुलिस अधीक्षक मृदुल कच्छावा ने बताया कि राजवीर जाटव, सोहन जाटव, राजपाल जाट और वीर सिंह जाटव ने थाने में मामला दर्ज कराया था. उन्होंने बताया कि गैंग ने रेलवे में नौकरी लगाने का झांसा देकर फर्जी जॉइनिंग लेटर के जरिये ठगी की वारदात को अंजाम दिया है. पुलिस ने कार्रवाई करते हुए ठग गैंग के कपिल जिंदल, श्याम सिंह जाटव और जयपाल जाटव को धर दबोचा. तीन सदस्यों में कपिल जिंदल ठग गैंग का मास्टरमाइंड है. ठग गैंग का एक सदस्य खुद को रेलवे का बड़ा अधिकारी बताता था.
फर्जी मोहर सहित दस्तावेज जब्त
आरोपियों के पास से रेलवे अधिकारी की फर्जी मोहर, हिसाब-किताब का रजिस्टर जब्त किया गया है. एसपी ने बताया कि पकड़े गये तीनों आरोपी शराब, जुआ सट्टा के आदी हैं. पुलिस को उम्मीद है कि ठग गैंग के शिकार बने और लोग भी सामने आ सकते हैं. आरोपियों के बैंक खातों की जानकारी जुटाई जा रही है.

