योगी सरकार ने फैसला किया था कि महाकुंभ में स्नान पर्वों पर श्रद्धालुओं पर पुष्प वर्षा कराई जाएगी. हालांकि पहले दिन इसमें देरी हो गई थी.
By : DB News Update | Edited By: प्रिंस अवस्थी
Mahakumbh 2025: प्रयागराज महाकुंभ के पहले दिन पौष पूर्णिमा पर श्रद्धालुओं पर हेलीकॉप्टर से पुष्प वर्षा में देरी हो गई थी, जिस पर एक्शन लिया गया है. एविएशन कंपनी के सीईओ और पायलट समेत 3 के खिलाफ मुकदमा दर्ज हुआ है. यूपी के सिविल एवियशन डिपार्मेंट के परिचालन प्रबंधक केपी रमेश की तरफ से एफ आई आर दर्ज कराई गई है. महाकुंभ नगर की कोतवाली में एफ आई आर दर्ज हुई है.
हेलीकॉप्टर को अयोध्या भेज दिया था
यूपी सरकार ने एमए हेरिटेज एवियशन प्राइवेट लिमिटेड कंपनी को पौष पूर्णिमा के दिन सुबह के वक्त श्रद्धालुओं पर पुष्प वर्षा करने की जिम्मेदारी दी थी. आरोप है कि एविएशन कंपनी ने बिना कोई जानकारी दिए हुए हेलीकॉप्टर को अयोध्या भेज दिया था. हेलीकॉप्टर अयोध्या चले जाने की वजह से महाकुंभ के पहले दिन पौष पूर्णिमा पर सुबह के वक्त श्रद्धालुओं पर पुष्प वर्षा नहीं हो सकी थी.
पुलिस ने कहा- कड़ी कार्रवाई करेंगे
मीडिया रिपोर्ट के मुताबिक सिविल एवियशन डिपार्मेंट ने बाद में दूसरा हेलीकॉप्टर बुलाया और शाम 4:00 के बाद ही पुष्प वर्षा हो सकी. श्रद्धालुओं पर पुष्प वर्षा में देरी का मामला तूल पकड़ने पर इस मामले में एक्शन लिया गया है. आरोपी एविएशन कंपनी के सीईओ रोहित माथुर, पायलट कैप्टन पुनीत खन्ना और परिचालन प्रबंधक के खिलाफ गंभीर धाराओं में केस दर्ज किया गया है.

