सीएम धामी ने कहा कि 2022 के विधानसभा चुनाव में भाजपा ने वादा किया था कि सरकार बनने पर उत्तराखंड में समान नागरिक संहिता लागू की जाएगी, सरकार ने जनता से किया वादा निभाया है.
By : DB News Update | Edited By: प्रिंस अवस्थी
Uttarakhand News : उत्तराखंड के मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने राज्य में लागू समान नागरिक संहिता (UCC) को लेकर अपना रुख स्पष्ट कर दिया है. यानि उनकी सरकार किसी भी स्थिति में पीछे नहीं हटेगी. उन्होंने कहा कि लिव-इन रिलेशनशिप का विरोध करने वालों के सुझावों का सम्मान किया जाएगा, लेकिन सरकार अपने फैसले से पीछे नहीं हटेगी. मुख्यमंत्री ने यह बयान नई दिल्ली में एक टीवी चैनल के कार्यक्रम में दिया.
मुख्यमंत्री धामी ने अपने बयान में कहा कि 2022 के विधानसभा चुनाव में भाजपा ने वादा किया था कि सरकार बनने पर उत्तराखंड में समान नागरिक संहिता लागू की जाएगी, सरकार ने जनता से किया वादा निभाया है. उन्होंने कहा कि लिव-इन रिलेशनशिप को लेकर सुप्रीम कोर्ट में भी कई बार बहस हो चुकी है, लेकिन सरकार अब अपने रुख पर कायम है.
तीर्थाटन और पर्यटन में फर्क समझना होगा
उन्होंने कहा, “लिव-इन रिलेशनशिप हमारी संस्कृति का हिस्सा नहीं है, लेकिन यह विषय न्यायालयों में कई बार आया है. हम लोकतंत्र में विश्वास करते हैं और सुझावों का स्वागत करते हैं, लेकिन सरकार इस मामले पर पीछे नहीं हटेगी. मुख्यमंत्री धामी ने चारधाम यात्रा को लेकर कहा कि लोगों को तीर्थाटन और पर्यटन में फर्क समझना होगा. उन्होंने कहा कि चारधाम यात्रा का धार्मिक महत्व है, इसे मनोरंजन का साधन नहीं बनाया जा सकता.

