हरियाणा हिसार से प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने सोमवार (14 अप्रैल) अयोध्या के लिए वाणिज्यिक उड़ान को हरी झंडी दिखाई और हिसार के महाराजा अग्रसेन हवाई अड्डे के नए टर्मिनल भवन की आधारशिला रखी.
By : DB News Update | Edited By: प्रिंस अवस्थी
PM Modi Haryana Visit: प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने सोमवार (14 अप्रैल) हिसार से अयोध्या के लिए वाणिज्यिक उड़ान को हरी झंडी दिखाई और हिसार के महाराजा अग्रसेन हवाई अड्डे के नए टर्मिनल भवन की आधारशिला रखी. इस अवसर पर उन्होंने कहा कि “आज हरियाणा से अयोध्या धाम के लिए फ्लाइट शुरु हुई है. यानि अब श्री कृष्ण जी की पावन भूमि हरियाणा प्रभु राम की नगरी से सीधे जुड़ गई है. बहुत जल्द ही यहां से दूसरे शहरों के लिए भी उड़ाने शुरु होंगी. आज हिसार एयरपोर्ट की नई टर्मिनल बिल्डिंग का शिलान्यास भी हुआ है. ये शुरुआत हरियाणा की आकांक्षाओं को एक नई ऊंचाई पर पहुंचाने की उड़ान है.” उन्होंने आगे कहा, “मेरा आपसे वादा रहा है कि हवाई चप्पल पहनने वाला भी हवाई जहाज में उड़ेगा और ये वादा हम देश में चारों तरफ पूरा होता देख रहे हैं.”
इस दौरान डबल इंजन सरकार की तारीफ करते हुए कहा, ‘आज मुझे ये देखकर गर्व होता है कि भाजपा विकसित हरियाणा- विकसित भारत को लेकर पूरी गंभीरता से काम कर रही है.’
‘बाबा साहेब का संदेश 11 साल की यात्रा का प्रेरणा-स्तंभ’
प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने कहा, “आज संविधान निर्माता बाबा साहेब डॉ. भीमराव अंबेडकर जी की जयंती है. उनका जीवन, उनका संघर्ष, उनका जीवन संदेश, हमारी सरकार की 11 साल की यात्रा का प्रेरणा-स्तंभ बना है. हर दिन, हर फैसला, हर नीति, बाबा साहेब अंबेडकर को समर्पित है. वंचित, पीड़ित, शोषित, गरीब, आदिवासी, महिलाओं के जीवन में बदलाव लाना, इनके सपनों को पूरा करना हमारा मकसद है. इसके लिए निरंतर विकास, तेज विकास, यही भाजपा सरकार का मंत्र है.”

