मध्य प्रदेश के बैतूल जिले में शनिवार की देर रात 2.8 तीव्रता का भूकंप आया. भूकंप के झटके महसूस होने के बाद लोग अपने घरों से बाहर आ गए.
By : DB News Update | Edited By: प्रिंस अवस्थी
Earthquake in MP: मध्य प्रदेश के बैतूल जिले में शनिवार (3 मई) की देर रात भूकंप के झटके महसूस किए गए. इसके चलते रात में हड़कंप मच गया और लोग अपने घरों से बाहर आने लगे. गनीमत रही कि रिक्टर स्केल पर भूकंप की तीव्रता 2.8 यानी काफी कम थी. हालांकि, एहतियात बरतते हुए लोग बाहर आ गए.
भूकंप का केंद्र मुलताई के पास बताया जा रहा है. जिले में किसी भी तरह की संपत्ति या जान-माल के नुकसान की कोई खबर नहीं है.
लोगों को सतर्क रहने की सलाह
बैतूल प्रशासन ने मीडिया के माध्यम से जानकारी दी गई है कि किसी भी तरह का नुकसान नहीं हुआ है, लेकिन लोगों को फिर भी सतर्क रहने की सलाह दी जाती है. इतना ही नहीं, नागरिकों से अपील की गई है कि अफवाहों पर ध्यान न दें और ऐसी कोई भी बात न करें, जिससे किसी तरह की भगदड़ या अप्रिय घटना की आशंका बने. अगर ऐसी किसी भी तरह की बात आप तक पहुंचती है तो प्रशासन के अधिकारियों से साझा करें.
सुरक्षा के उपाय
- भूकंप आने पर फौरन घर, स्कूल या दफ़्तर से निकलकर खुले मैदान में जाएं. बड़ी बिल्डिंग्स, पेड़ों, बिजली के खंबों आदि से दूर रहें.
- बाहर जाने के लिए लिफ्ट की बजाय सीढ़ियों का इस्तेमाल करें.
- कहीं फंस गए हों तो दौड़ें नहीं. इससे भूकंप का ज्यादा असर होगा.
- भूकंप आने पर खिड़की, अलमारी, पंखे, ऊपर रखे भारी सामान से दूर हट जाएं ताकि इनके गिरने और शीशे टूटने से चोट न लगे.
- अगर आप बाहर नहीं निकल पाते तो टेबल, बेड, डेस्क जैसे मजबूत फर्नीचर के नीचे घुस जाएं और उसके लेग्स कसकर पकड़ लें ताकि झटकों से वह खिसके नहीं.
- कोई मजबूत चीज न हो, तो किसी मजबूत दीवार से सटकर शरीर के नाजुक हिस्से जैसे सिर, हाथ आदि को मोटी किताब या किसी मजबूत चीज़ से ढककर घुटने के बल टेक लगाकर बैठ जाएं.
- खुलते-बंद होते दरवाजे के पास खड़े न हों, वरना चेाट लग सकती है.
- गाड़ी में हैं तो बिल्डिंग, होर्डिंग्स, खंबों, फ्लाईओवर, पुल आदि से दूर सड़क के किनारे या खुले में गाड़ी रोक लें और भूकंप रुकने तक इंतजार करें.


