ऑपरेशन सिंदूर के बाद पीएम मोदी से मिले NSA डोभाल, उधर पाक पीएम ने बुलाई इमरजेंसी मीटिंग
By : DB News Update | Edited By: प्रिंस अवस्थी
Operation Sindoor : पाकिस्तान की कायराना हरकत किसी से छिपी नहीं है. वह अपनी हरकतों से बाज नहीं आ रहा है. क्योंकि एलओसी पर उसके द्वारा लगातार गोलीबारी की जा रही है, जिससे लोगों को काफी नुकसान हुआ है. पुंछ में 6 भारतीय नागरिकों की मौत हो गई है. वहीं मीडिया सूत्रों से खबर लगी है कि पाकिस्तान के प्रधानमंत्री शहबाज शरीफ ने नेशनल सिक्योरिटी की बैठक बुलाई है. वहीं रक्षा मंत्री राजनाथ सिंह जल्द ही प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी से मुलाकात कर सकते हैं. वे पीएम मोदी को ऑपरेशन सिंदूर से जुड़ी जानकारी दे सकते हैं. रक्षा मंत्री अपने निवास से निकल चुके हैं. ऑपरेशन सिंदूर पर अमित शाह ने सोशल मीडिया में एक पोस्ट किया है, जिसमें उन्होंने लिखा है कि हमें अपनी सशस्त्र सेनाओं पर गर्व है. ऑपरेशन सिंदूर पहलगाम में हमारे निर्दोष भाइयों की क्रूर हत्या का भारत का जवाब है. मोदी सरकार भारत और इसके लोगों पर किसी भी हमले का करारा जवाब देने के लिए दृढ़ संकल्पित है. भारत आतंकवाद को जड़ से उखाड़ने के लिए पूरी तरह प्रतिबद्ध है.
सेना की प्रेस कॉन्फ्रेंस के टाइम में हुआ बदलाव
मीडिया रिपोर्ट के माध्यम से जानकारी लगी है कि भारतीय सेना की जो प्रेस कॉन्फ्रेंस 10 बजे होनी थी, उसके समय में थोड़ा बदलाव किया गया है. सेना अब 10.30 बजे प्रेस कॉन्फ्रेंस करेगी. इसमें विदेश मंत्रालय के अधिकारी भी शामिल होंगे.
ऑपरेशन सिंदूर से चीन को हुई दिक्कत
मीडिया रिपोर्ट के मुताबिक चीन के विदेश मंत्रालय ने ऑपरेशन सिंदूर पर प्रतिक्रिया दी है. चीन ने कहा, “चीन को भारत के आज सुबह के आर्मी एक्शन पर खेद है. हम मौजूदा स्थिति को लेकर चिंतित हैं. भारत और पाकिस्तान एक-दूसरे के पड़ोसी हैं और हमेशा रहेंगे. दोनों ही चीन के पड़ोसी भी हैं. चीन सभी प्रकार के आतंकवाद का विरोध करता है. हम दोनों पक्षों से शांति और स्थिरता के व्यापक हित में कार्य करने, शांत रहने, संयम बरतने और ऐसी कार्रवाइयों से बचने का आग्रह करते हैं जो स्थिति को और जटिल कर सकती हैं.”

