रोहित शर्मा ने टेस्ट क्रिकेट से संन्यास का ऐलान इंग्लैंड दौरे से पहले किया, सभी को शुक्रिया भी कहा
By : DB News Update | Edited By: प्रिंस अवस्थी
Rohit Sharma Retirement From Test Cricket: भारतीय क्रिकेट टीम के कप्तान रोहित शर्मा ने टेस्ट क्रिकेट से संन्यास का ऐलान कर दिया है. रोहित शर्मा भारतीय क्रिकेट टीम के लिए टेस्ट और वनडे में कप्तानी कर रहे हैं. लेकिन आज बुधवार, 7 मई 2025 को रोहित शर्मा ने टेस्ट क्रिकेट से संन्यास ले लिया है. रोहित ने अपनी टेस्ट मैच की कैप की फोटो शेयर की. इस फोटो के साथ रोहित ने लिखा कि ‘हैलो, मैं आप सभी को बताना चाहता हूं कि मैं टेस्ट क्रिकेट से संन्यास ले रहा हूं. व्हाइट क्रिकेट में अपने देश का प्रतिनिधित्व करना मेरे लिए गर्व की बात है’.
रोहित शर्मा ने इंस्टाग्राम पर स्टोरी शेयर करके इस बात की जानकारी दी है. रोहित ने अपने पोस्ट में लोगों के प्यार के लिए शुक्रिया कहा है. रोहित शर्मा ने ये फैसला भारतीय क्रिकेट टीम के इंग्लैड दौरे से पहले लिया है. टीम इंडिया की इंग्लैंड के खिलाफ पांच मैचों की टेस्ट सीरीज (IND vs ENG Test Series 2025) शुरू होने वाली है. भारत और इंग्लैंड के बीच पहला टेस्ट मैच 20 जून से खेला जाएगा.
प्यार और सपोर्ट के लिए शुक्रिया भी कहा
रोहित शर्मा ने आगे लिखा कि ‘इतने साल आप सभी के प्यार और सपोर्ट के लिए शुक्रिया’. रोहित शर्मा ने अपनी इंस्टाग्राम स्टोरी में ये भी बताया कि वो भारत के लिए ODI फॉर्मेट में खेलते रहेंगे. बता दें कि रोहित शर्मा ने टी20 वर्ल्ड कप 2024 के बाद T20 क्रिकेट से भी संन्यास का ऐलान किया था.
रोहित शर्मा का टेस्ट करियर
38 वर्षीय रोहित शर्मा अपने करियर के दूसरे भाग में भारत के सबसे सफल टेस्ट बल्लेबाज थे. जिन्होंने 67 टेस्ट में 12 शतकों और 18 अर्धशतकों की मदद से 40.57 की औसत से 4301 रन बनाए. रोहित ने ऑस्ट्रेलिया के खिलाफ विश्व टेस्ट चैंपियनशिप के फ़ाइनल में भारत की कप्तानी की और न्यूज़ीलैंड के खिलाफ घरेलू सीरीज़ और ऑस्ट्रेलिया के खिलाफ बॉर्डर-गावस्कर सीरीज़ में पिछली दो सीरीज़ को बचाया. रोहित शर्मा ने 67 टेस्ट में 12 शतक और 18 अर्धशतक की मदद से 40.57 की औसत से 4301 रन बनाए हैं. रोहित ने ऑस्ट्रेलिया के खिलाफ विश्व टेस्ट चैंपियनशिप के फाइनल में भारत की कप्तानी की थी.
रोहित ने टेस्ट में ओपनर के तौर पर बनाए 9 शतक
टेस्ट में बतौर ओपनर रोहित शर्मा ने 66 पारियों में 9 शतक जड़े हैं. उन्होंने इस दौरान 8 अर्धशतक लगाए हैं जबकि 42.81 की औसत से 2697 रन बनाए हैं. रोहित ने साल 2024 में टी20 इंटरनेशनल क्रिकेट को अलविदा कहा जबकि साल 2025 में टेस्ट क्रिकेट को छोड़ा. रोहित वनडे में खेलना जारी रखेंगे और 2027 वर्ल्ड कप ट्रॉफी अपने नाम करना चाहेंगे.
बचपन के कोच का बड़ा खुलासा
रोहित शर्मा के संन्यास के बाद अब उनके बचपन कोच दिनेश लाड का बड़ा बयान सामने आया है. दिनेश लाड ने रोहित शर्मा के अगले बड़े लक्ष्य को लेकर बड़ा खुलासा किया है. लाड ने पीटीआई वीडियो से कहा कि रोहित का लक्ष्य 2027 वनडे वर्ल्ड कप जीतना और फिर संन्यास लेना है. लाड ने कहा कि उनका लक्ष्य वर्ल्ड टेस्ट चैम्पियनशिप था, लेकिन दुर्भाग्य से हम क्वालीफाई नहीं कर सके. अब 2027 में वर्ल्ड कप है. वह भी चाहते हैं कि रोहित 2027 में वर्ल्ड कप जीते और फिर संन्यास लें.
रोहित ने सोच-समझकर लिया फैसला
उन्होंने मीडिया को जानकारी देते हुए बताया कि रोहित ने टेस्ट से संन्यास लेने का फैसला जल्दबाजी में नहीं लिया. वह पिछले साल अमेरिका में T20 वर्ल्ड कप के बाद T20 इंटरनेशनल नहीं खेलना चाहते थे, लेकिन अन्य दो फॉर्मेट में खेलने का फैसला उनका था. उन्होंने इस बारे में अच्छी तरह से सोचा होगा कि उनके लिए सबसे अच्छा क्या है. जब उनसे पूछा गया कि क्या रोहित इंग्लैंड के खिलाफ इस साल जून में होने वाली पांच मैच की टेस्ट सीरीज में कप्तानी करने को लेकर आश्वस्त नहीं थे, तो उन्होंने कहा कि टेस्ट को अलविदा कहने के फैसले का इंग्लैंड दौरे से कोई लेना-देना नहीं है. उनकी सोच अगली पीढ़ी को मौका देना होगा, जैसा उन्होंने पिछले साल T20 वर्ल्ड कप के बाद किया था.
गिल के रूप में मिलेगा अगला कप्तान
इंग्लैंड में पांच टेस्ट मैचों की सीरीज के लिए भारत को नया टेस्ट कप्तान मिलेगा. जिसके संभावित उम्मीदवार केएल राहुल, शुभमन गिल और ऋषभ पंत हैं.

