मध्य प्रदेश मंत्रिमंडल की विशेष बैठक के लिए राजवाड़ा को आधुनिक और परंपरागत शैली के अनुसार सजाया गया है. बैठक की सभी तैयारियां पूरी हो गई हैं.
By : DB News Update | Edited By: प्रिंस अवस्थी
Ahilyabai Holkar Birth Anniversary: मध्य प्रदेश मंत्रिमंडल की विशेष बैठक के लिए राजवाड़ा को आधुनिक और परंपरागत शैली के अनुसार सजाया गया है. इंदौर का राजवाड़ा मंगलवार (20 मई) को ऐतिहासिक निर्णयों का गवाह बनेगा. इस राजवाड़ा में मध्यप्रदेश सरकार की मंत्रिमंडल की विशेष बैठक आयोजित होने जा रही है. यह बैठक लोकमाता देवी अहिल्याबाई होलकर की 300वीं जयंती को चिरस्थायी बनाये जाने के उद्देश्य से आयोजित होगी. यह इंदौर के लिये गौरव और एक ऐतिहासिक क्षण होगा.
बैठक की सभी तैयारियां पूरी हो गई हैं. यह पहला अवसर होगा जब प्रदेश मंत्रिमंडल, ऐतिहासिक विरासत से युक्त इस भव्य स्थल पर एकत्रित होकर जनहित से जुड़ी महत्वपूर्ण नीतियों पर मंथन करेगा.
अस्थायी सचिवालय और सुरक्षा की चाकचौबंद व्यवस्था
राजवाड़ा परिसर में अस्थायी सचिवालय की स्थापना की गई है, जहां बैठक के संबंध में सभी प्रशासनिक गतिविधियां संचालित होंगी. सुरक्षा के लिए विशेष पुलिस दल तैनात किया गया है. परिवहन, आवास और सुरक्षा की सभी व्यवस्थाओं के लिए अधिकारियों को अलग-अलग जिम्मेदारियां सौंपी गई हैं. लाइजनिंग अधिकारियों की नियुक्ति मंत्रियों एवं वरिष्ठ अधिकारियों के सहयोग हेतु की गई है.
11.21 करोड़ रुपये मंजूर
मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव द्वारा राजवाड़ा के संरक्षण एवं पुर्नस्थापन परियोजना के तहत 11.21 करोड़ रुपये स्वीकृत किये गये हैं. इस राशि से राजवाड़ा के दरबार हाल के संरक्षण एवं पुर्नस्थापन का कार्य किया जायेगा. मुख्यमंत्री द्वारा इन कार्यों का भूमिपूजन किया जाना प्रस्तावित है.

