मौसम खराब होने की वजह से ये हादसा होना बताया जा रहा है. इस हेलिकॉप्टर में 7 लोग सवार थे, इन सभी मौत हो गई है.
Source : DB News Update
By : डीबी न्यूज अपडेट | Edited By : प्रिंस अवस्थी
Kedarnath Helicopter Crash: उत्तराखंड के रुद्रप्रयाग के गौरीकुंड क्षेत्र में हेलिकाप्टर क्रैश हो गया है. ये हेलिकॉप्टर केदारनाथ धाम से फाटा आ रहा था, तब ही ये हादसा हो गया. जानकारी के मुताबिक इस हेलिकॉप्टर में क्षमता से ज्यादा लोग सवार थे. हेलिकॉप्टर गौरीकुण्ड-सोनप्रयाग के जंगलो में क्रेश हुआ है. इस हादसे में पायलट समेत सभी सात लोगों की मौत की खबर है. रेस्क्यू टीम मौके के लिए रवाना हो गई है. यह हादसा मौसम खराब होने की वजह से होना बताया जा रहा है.
मीडिया रिपोर्ट की मानें तो सुबह पांच बजकर 17 मिनट पर आर्यन कंपनी द्वारा हेलिकॉप्टर द्वारा 6 श्रद्धालुओं को लेकर केदारनाथ हेलीपैड से गुप्तकाशी हेलीपैड के लिए टेकऑफ किया गया. रास्ते में मौसम खराब होने के कारण हेलिकॉप्टर द्वारा अन्य स्थान पर हार्ड लैंडिंग करने से हेलीकाप्टर क्षतिग्रस्त हुआ.
सीएम धामी ने जताया दुख
इस हादसे को लेकर मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने भी दुख जताया है. उन्होंने कहा कि जनपद रुद्रप्रयाग में हेलीकॉप्टर के दुर्घटनाग्रस्त होने का अत्यंत दुःखद समाचार प्राप्त हुआ है. एसडीआरएफ, स्थानीय प्रशासन एवं अन्य रेस्क्यू दल राहत एवं बचाव कार्यों में जुटे हैं. बाबा केदार से सभी यात्रियों के सकुशल होने की कामना करता हूं.
तकनीकी विशेषज्ञों की एक समिति बनाने के निर्देश
हेलीकॉप्टर दुर्घटना के बाद मुख्यमंत्री धामी ने रविवार को मुख्य सचिव को तकनीकी विशेषज्ञों की एक समिति बनाने के निर्देश दिए. यह समिति हेली संचालन के सभी सुरक्षा और तकनीकी पहलुओं की व्यापक समीक्षा करेगी और नई एसओपी का मसौदा तैयार करेगी. यह सुनिश्चित करेगी कि हेलीकॉप्टर सेवाएं पूरी सुरक्षा, पारदर्शिता और सभी निर्धारित मानदंडों के अनुपालन के साथ संचालित हों.
मुख्यमंत्री धामी ने प्रभावित यात्रियों के प्रति संवेदना व्यक्त करते हुए कहा कि राज्य सरकार उनकी हर संभव सहायता करेगी. उन्होंने अधिकारियों को निर्देश दिए कि दुर्घटना के कारणों की त्वरित जांच की जाए और भविष्य में ऐसी घटनाओं को रोकने के लिए ठोस कदम उठाए जाएं.
बचाव दल को तुरंत भेजा गया
हेलीकॉप्टर ने सुबह 5:17 बजे गुप्तकाशी के लिए उड़ान भरी थी और केदारनाथ से यात्रियों को लेकर लौट रहा था, तभी केदारनाथ घाटी में खराब मौसम की वजह से यह रास्ता भटक गया. अधिकारियों ने पुष्टि की कि क्षेत्र में मौसम बहुत खराब था, जिसकी वजह से हेलीकॉप्टर अपना रास्ता भटक गया और दुर्घटना का शिकार हो गया. घटना की सूचना मिलते ही एसडीआरएफ कमांडर अर्पण यदुवंशी के निर्देशन में बचाव दल को तुरंत भेजा गया.
SDRF ने सभी शवों को किया बरामद
विमान हादसे की सूचना मिलते ही SDRF सेनानायक अर्पण यदुवंशी के निर्देशन में रेस्क्यू टीमें तत्काल रवाना की गईं. घटनास्थल एक अत्यंत दुर्गम व घने जंगल क्षेत्र में स्थित था, जहां पहुंचकर SDRF, NDRF, और स्थानीय पुलिस की संयुक्त टीमों द्वारा तेज़ रफ्तार और समन्वित रेस्क्यू ऑपरेशन चलाया गया.
टीमों ने अथक प्रयास करते हुए सभी 7 शवों को मौके से बरामद कर लिया है. रेस्क्यू टीम शवों को नीचे लाने की प्रक्रिया में निरंतर कार्यरत है. आपको बता दें कि हेलीकॉप्टर केदारनाथ धाम से यात्रियों को लेकर गुप्तकाशी के लिए लौट रहा था.
रुद्रप्रयाग में हेलिकॉप्टर की सड़क पर इमरजेंसी लैंडिंग
उत्तराखंड के रुद्रप्रयाग में 7 जून को तकनीकी खराबी के कारण सड़क पर हेलिकॉप्टर की इमरजेंसी लैंडिंग हुई थी. इस दौरान हेलिकॉप्टर के पीछे का हिस्सा कार पर गिरते ही टूट गया था. कार भी पूरी तरह से क्षतिग्रस्त हो गई थी.
उत्तरकाशी के गंगनानी में भागीरथी नदी के पास हेलिकॉप्टर क्रैश हुआ। हादसे में पायलट समेत 6 लोगों की मौत हो गई थी। मृतकों में बरेली की रहने वाली मां-बेटी भी थीं।
हेलिकॉप्टर गंगोत्री धाम जा रहा था. प्रशासन के मुताबिक, 7 सीटर हेलिकॉप्टर में 5 महिलाएं और पायलट रॉबिन समेत 2 पुरुष सवार थे. हेलिकॉप्टर गुजरात की अहमदाबाद बेस्ड एरोटांस सर्विस प्राइवेट लिमिटेड कंपनी का था। यह बेल (Bell-VT-QXF) हेलिकॉप्टर था.
17 मई: केदारनाथ में एयर एम्बुलेंस क्रैश
उत्तराखंड के केदारनाथ में 17 मई को एयर एंबुलेंस हेलिकॉप्टर क्रैश हो गया था. हेलिकॉप्टर में तीन लोग पायलट, डॉक्टर और नर्स सवार थे. तीनों सुरक्षित बच गए थे. यह हेलिकॉप्टर ऋषिकेश एम्स से मरीज को लेने केदारनाथ आ रहा था. तभी लैंडिंग के वक्त अचानक बेकाबू होकर जमीन पर गिर गया. हादसा हेलिकॉप्टर की टेल बान टूटने से हुआ था.

