ताजमहल तक पहुंची यमुना, पोरबंदर में घर डूबे, हिमाचल में अब तक 145 मौतें

By : DB News Update | Edited By : प्रिंस अवस्थी
Uttarakhand Landslide : उत्तराखंड के रुद्रप्रयाग में लैंडस्लाइड के कारण बद्रीनाथ हाईवे बंद हो गया है. गंगोत्री हाईवे धरासू पुराना थाना और सोनागढ़ के पास ब्लॉक है. यमुनात्री हाईवे भी नारदचट्टी के पास बंद है. कुथनौर में ट्रैफिक शुरू हो गया है. बाकी जगहों पर मलबा हटाने का काम जारी है. देश के पश्चिमी हिस्से महाराष्ट्र और गुजरात में बारिश के कारण जन-जीवन प्रभावित हुआ है. दोनों राज्यों में आज रेड अलर्ट जारी किया गया है. उत्तर प्रदेश में यमुना के कारण कई जिले बाढ़ की चपेट में हैं. यमुना का पानी ताजमहल तक पहुंच गया है. 40 गांव अलर्ट पर हैं. मथुरा में यमुना नदी कटान के बाद अपना मूल रास्ता छोड़कर दो किमी दूर बह रही हैं.
46 बच्चे और 4 टीचर्स को बचाया
इधर, गुजरात के तटीय जिलों में बुधवार को भारी बारिश के बाद बाढ़ जैसे हालात बन गए. जूनागढ़ जिले में 12 घंटों में 331 एमएम बारिश हुई. NDRF ने पोरबंदर जिले के एक स्कूल में फंसे 46 बच्चों और 4 टीचर्स को बचाया.

वहीं, महाराष्ट्र में तेज बारिश का दौर जारी है. मौसम विभाग ने बुधवार को राज्य के कुछ इलाकों में ऑरेंज अलर्ट जारी किया है. बीते दिन मुंबई में 107.4 एमएम बारिश हुई. ठाणे जिले में पानी से भरी खदान में गिरने से एक व्यक्ति की मौत हो गई.
मीडिया रिपोर्ट के अनुसार हिमाचल प्रदेश में 20 जून से अब तक बारिश से जुड़े हादसों में 145 लोगों की मौत हो चुकी है. राज्य में बारिश के कारण हुए हादसों में 2281 करोड़ रुपए का नुकसान हुआ है.

