एमपी इंदौर से कटनी जा रही सिविल जज अभ्यर्थी अर्चना तिवारी, नर्मदा एक्सप्रेस में रहस्यमय तरीके से लापता हो गईं.
By : DB News Update | Edited By : प्रिंस अवस्थी
Woman Missing News in Indore: रक्षाबंधन के पर्व पर मध्य प्रदेश इंदौर से कटनी लौट रही युवती अर्चना तिवारी गुरुवार (7 अगस्त) रात्रि को नर्मदा पुल के पास से गायब हो गई. यह युवती नर्मदा एक्सप्रेस ट्रेन से सफर कर रही थी. ट्रेन से रहस्यमय ढंग लापता होने पर जीआरपी, पुलिस सहित भोपाल, नर्मदापुरम् और कटनी की पुलिस तलाश में जुटी हुई है. लेकिन युवती का कहीं सुराग नहीं लग पा रहा है. जबकि ट्रेन के कटनी पहुंचने पर उनकी बर्थ पर राखी सहित बैग मिला है. लेकिन युवती लापता बताई जा रही है. अर्चना इंदौर में सिविल जज की तैयारी कर रही थीं और रक्षाबंधन के मौके पर घर लौट रही थीं.
किस बर्थ पर सफर कर रही थी युवती?
अर्चना तिवारी नर्मदा एक्सप्रेस के बी-3 कोच में बर्थ नंबर 3 पर सफर कर रही थीं. कटनी पहुंचने पर परिजनों ने देखा कि उनकी बर्थ खाली थी, लेकिन उनका सामान और राखी वहीं मौजूद थी. परिजनों ने तुरंत जीआरपी कटनी को सूचना दी और रेल मदद पोर्टल पर शिकायत दर्ज कराई. जीआरपी पुलिस की मानें तो अर्चना की अंतिम बातचीत उनकी मां से गुरुवार (7 अगस्त) रात 10:16 बजे हुई थी. इसके बाद उनका फोन स्विच ऑफ हो गया. मोबाइल की आखिरी लोकेशन भोपाल के रानी कमलापति स्टेशन के पास दर्ज बताया जा रहा है.
सिविल जज की कर रही थी तैयारी
कटनी के मंगल नगर क्षेत्र की निवासी अर्चना लंबे समय से इंदौर में रहकर सिविल जज बनने की तैयारी कर रही थीं. रक्षाबंधन के दिन उन्हें लेने पूरा परिवार कटनी स्टेशन पहुंचा था. परिजनों का कहना है कि वह मानसिक रूप से बिल्कुल ठीक थीं और घर आने को लेकर उत्साहित भी थीं. ट्रेन से उतरने के बजाय इस तरह से लापता होना परिवार और पुलिस के लिए रहस्य बना हुआ है.

