मध्य प्रदेश के मुख्यमंत्री मोहन यादव के नेतृत्व में अपैरल और टेक्सटाइल सेक्टर में निवेश आकर्षित करने के लिए 14 अगस्त को एक राउंड टेबल मीटिंग आयोजित करने जा रहा है.
By : DB News Update | Edited By : प्रिंस अवस्थी
MP textile-apparel industry News: मध्य प्रदेश अपैरल और टेक्सटाइल सेक्टर में निवेश और वैश्विक बाजार तक पहुंचाने के लिए मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव नए द्वार खोलने जा रहे हैं. मुख्यमंत्री डॉ. यादव 14 अगस्त को देश और दुनिया के 15 से अधिक शीर्ष अपैरल एवं टेक्सटाइल ब्रांड्स के प्रतिनिधि एवं उद्योगपति मुख्यमंत्री निवास समत्व भवन में निवेश के संबंध में राउंड टेबल मीटिंग में संवाद करेंगे.
बैठक में पीएम मित्रा पार्क सहित राज्य की अत्याधुनिक औद्योगिक अवसंरचना, कुशल श्रमशक्ति और रणनीतिक भौगोलिक स्थिति का विस्तृत प्रस्तुतीकरण किया जाएगा. मुख्यमंत्री डॉ. यादव वस्त्र नीति, निवेश अवसर और ‘मेड इन एमपी – वियर एक्रॉस द वर्ल्ड’ विज़न को प्रस्तुत करते हुए इस क्षेत्र में राज्य के भविष्य की स्पष्ट रूपरेखा रखेंगे. मुख्यमंत्री ने कहा कि इस आयोजन से स्थानीय उत्पादकों और वैश्विक ब्रांड्स के बीच प्रत्यक्ष संवाद से निर्यात में वृद्धि होगी, नए रोजगार अवसर भी पैदा होंगे, जिससे राज्य के आर्थिक विकास को गति मिलेगी.
राउंड टेबल मीटिंग में कौन कौन होंगे शामिल?
जानकारी के अनुसार राउंड टेबल मीटिंग में केयर ट्रेडिंग एशिया लिमिटेड के रीजनल कंट्री हेड वामशी माधव, पूमा ग्रुप के शाखा प्रबंधक आंशुल वी. ग्रोवर, पीवीएच के वरिष्ठ निदेशक तेजस संपत, हेंसब्रेंड्स इनक्लूसिव के कंट्री मैनेजर जितेन बेल्लानी, बीएसएल एण्ड एआई ग्लोकल के संस्थापक रमन दत्ता, मदरकेयर के निदेशक तपन बंसल, ग्रेपवाइन डिज़ाइन्स के प्रबंध निदेशक रोहित अनेजा, वाइल्डक्राफ्ट के मुख्य उत्पादक अधिकारी भूपिंदर सिंह.
इसके अलावा ज़िवामे के एवीपीएवं हेड कैटेगरी एंड सोर्सिंग डॉ. किरुबा देवी, रेमंड लाइफस्टाइल लिमिटेड के मुख्य व्यवसाय अधिकारी नीरज नागपाल, सेंट्रिक ब्राण्डस की कंट्री निदेशक सुअन्निका पासी, न्यूटाइम्स ग्रुप ऑफ़ कंपनीज़ की वरिष्ठ सोर्सिंग निदेशक सुजसवीन कौर, ट्रिबर्ग के ग्रुप लीडर कपिल काक, पैरागॉन अपैरल्स के प्रबंध निदेशक रोशन बैंड और लक्ष्मीपति ग्रुप के प्रबंध निदेशक राकेश सरावगी के प्रतिनिधि शामिल होंगे.

