तेलंगाना के रंगारेड्डी में हुई बस दुर्घटना, दर्जनों यात्री घायल, सीएम ने लिया संज्ञान.
By : DB News Update | Edited By: प्रिंस अवस्थी
Telangana Bus Accident: तेलंगाना के रंगारेड्डी जिले के चेवेल्ला मंडल में बस दुर्घटनाग्रस्त हो गई, जिसमें मृतकों की संख्या 20 तक पहुंच गई है. बताया जा रहा है कि इस सड़क दुर्घटना में टिपर चालक की भी मौत हो गई है, जबकि दर्जनों यात्री घायल हैं. चेवेल्ला मंडल के मीर्जागुड़ा के पास हैदराबाद-बीजापुर राजमार्ग पर यह घटना हुई है. बतादें कि तांडूर डिपो की एक आरटीसी बस सीधे गिट्टी से लदे एक टिपर ट्रक से टकरा गई है.
बस की टक्कर इतनी जबरदस्त थी कि टिपर पर लदी गिट्टी बस के अंदर जा गिरी और कई यात्री उसके नीचे दब गए. टिपर के चालक ने घटनास्थल पर ही दम तोड़ दिया. प्राप्त जानकारी के अनुसार, हादसे के समय बस में 70 से अधिक यात्री सवार बताए जा रहे हैं.
घायल अस्पताल में भर्ती
मीडिया रिपोर्ट से मिली जानकारी के अनुसार बस की टक्कर के बाद बस में सवार यात्रियों में अफरातफरी का माहौल निर्मित हो गया, इस घटना में कई यात्री गंभीर रूप से घायल बताए जा रहे हैं. स्थानीय लोगों और पुलिस के सहयोग से बचाव कार्य किया गया और घायलों को निकालकर चेवेल्ला के सरकारी अस्पताल में भर्ती कराया गया है. जहां घायलों का इलाज जारी है. मौके पर पहुंची पुलिस ने मामले की जांच शुरू कर दी है.
सीएम ने दु:ख व्यक्त किया
इस बस दुर्घटना को लेकर मुख्यमंत्री रेवंत रेड्डी ने गहरा दुख व्यक्त किया है और तुरंत अधिकारियों को आवश्यक दिशा निर्देश जारी किए हैं. उन्होंने स्पष्ट तौर पर कहा है कि मौके पर राहत और बचाव कार्य को किसी भी कीमत पर तेज किया जाए और घायलों को बेहतरीन इलाज मुहैया कराया जाए.
सीएम ने अधिकारियों को दिए निर्देश
मुख्यमंत्री कार्यालय से जारी बयान के अनुसार, सीएम रेवंत रेड्डी ने तेलंगाना के मुख्य सचिव और पुलिस महानिदेशक (डीजीपी) को सीधा निर्देश दिया है कि दुर्घटना में घायल हुए हर एक व्यक्ति को तत्काल प्रभाव से हैदराबाद के अस्पतालों में शिफ्ट किया जाए. उन्होंने यह भी सुनिश्चित करने को कहा है कि घायलों के इलाज में कोई कमी न हो और उन्हें सर्वोत्तम चिकित्सा सुविधाएं प्रदान की जाए.
Source : https://x.com/

