रीवा से नई दिल्ली हवाई सेवा का आज शुभारंभ मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव के द्वारा वर्चुअल माध्यम से किया गया.
By : DB News Update | Edited By: प्रिंस अवस्थी
Rewa-New Delhi Flight: जनता का प्रभावी नेतृत्व होने के बाद भी विंध्य क्षेत्र में लंबे समय तक रेल सुविधाओं का अभाव रहा. यह सर्वविदित है कि सुदृढ़ परिवहन किसी भी राज्य की अर्थव्यवस्था की रीढ़ होता है. आज शुरू हो रही रीवा-दिल्ली विमान सेवा उसी दिशा में प्रदेश का एक सुदृढ़ कदम है. यह उद्बोधन वर्चुअल मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव रीवा हवाई सेवा के दौरान भोपाल से दिए.
मुख्यमंत्री डॉ मोहन यादव ने कहा है कि मध्यप्रदेश ने एविएशन क्षेत्र में पूरे देश में अग्रणी रहा है. रीवा-दिल्ली-रीवा विमान सेवा से विंध्य क्षेत्र के विकास के आज से नए द्वार खुल रहे हैं. एक समय जिस क्षेत्र में रेल नहीं मिलती थी, आज वहां से विमान सेवा आरंभ हो रही है.
एमपी विमानन क्षेत्र में तेजी से आगे बढ़ रहा
मुख्यमंत्री डॉ. यादव ने कहा कि मध्यप्रदेश देश के उन राज्यों में शामिल है, जो विमानन क्षेत्र में तेजी से प्रगति कर रहे हैं. राज्य सरकार स्पष्ट विजन के साथ हर 150 किलोमीटर पर एक वाणिज्यिक हवाई अड्डा, हर 75 किलोमीटर पर एक हवाई पट्टी और हर 45 किलोमीटर पर हेलीपेड उपलब्ध कराने के लिये प्रतिबद्धतापूर्वक कार्य कर रही है.
2 वर्षों में 3 एयरपोर्ट शुरू
पिछले 2 वर्षों में रीवा, सतना और दतिया 3 नए एयरपोर्ट शुरू हुए. इसके पहले 68 वर्षों में केवल 5 एयरपोर्ट विकसित हुए थे. आज प्रदेश में 8 एयरपोर्ट, 20 हवाई पट्टियाँ तथा 220 हेलीपेड मौजूद हैं. जल्द ही उज्जैन और शिवपुरी में 2 नए एयरपोर्ट विकसित होने जा रहे हैं. मध्यप्रदेश में विमानन क्षेत्र के समग्र विकास के लिए मध्यप्रदेश नागरिक विमानन नीति-2025 लागू की है.
विंध्य क्षेत्र की जनता के लिए एक नई उड़ान-डिप्टी सीएम
डिप्टी सीएम राजेन्द्र शुक्ला ने सोशल मीडिया पर ट्यूट करते हुए कहा कि रीवा में आयोजित इस ऐतिहासिक अवसर पर कार्यक्रम में सहभागिता करते हुए मुझे अत्यंत हर्ष हुआ. यह सेवा संपूर्ण विंध्य क्षेत्र की जनता के लिए एक नई उड़ान लेकर आई है, जो न केवल राजधानी से सीधा संपर्क स्थापित करेगी, बल्कि क्षेत्र के औद्योगिक, शैक्षणिक, पर्यटन एवं व्यापारिक विकास को भी नई गति प्रदान करेगी.
इस महत्त्वपूर्ण सुविधा के लिए मैं प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी एवं केंद्रीय नागरिक उड्डयन मंत्री राम मोहन नायडू के प्रति हृदय से आभार व्यक्त करता हूं.
इनकी रही उपस्थिति
कार्यक्रम में राज्यमंत्री श्रीमती प्रतिमा बागरी, रीवा सांसद जनार्दन मिश्रा, सतना सांसद गणेश सिंह, सीधी सांसद राजेश मिश्रा, पूर्व विधानसभा अध्यक्ष गिरीश गौतम, विधायक नागेंद्र सिंह, श्रीकांत चतुर्वेदी, सुरेंद्र सिंह गहरवार, प्रदीप पटेल, श्रीमती रीति पाठक, नरेंद्र प्रजापति, विक्रम सिंह, पूर्व विधायक केपी त्रिपाठी, नगर निगम अध्यक्ष व्यंकटेश पाण्डेय, जिला पंचायत अध्यक्ष श्रीमती नीता कोल, सतना महापौर योगेश ताम्रकार, जिलाध्यक्ष रीवा वीरेन्द्र गुप्ता, एलायंस एयर के प्रतिनिधि, अधिकारीगण अन्य जनप्रतिनिधि तथा गणमान्यजन बड़ी संख्या में उपस्थित रहे.

