स्वच्छ सर्वेक्षण 2025-26 : निगमायुक्त ने किया औचक निरीक्षण और मौके पर पहुंचकर कहा- 1 जनवरी से कचरा संग्रहण में नहीं चलेगी कोई कोताही
Source : DB News Update
By : DB News Update | Edited By: प्रिंस अवस्थी
Swachh Bharat Abhiyan In Jabalpur News: जबलपुर नगर निगम के अधिकारी स्वच्छ भारत अभियान के अंतर्गत शहर को नंबर-1 बनाने की दिशा में काम करना प्रारंभ कर दिया है. विगत दिनों स्वच्छ सर्वेक्षण अभियान की तैयारियों को परखने और जमीनी स्तर पर व्यवस्थाओं को दुरुस्त करने के लिए निगमायुक्त राम प्रकाश अहिरवार ने नगर निगम वर्कशॉप का सघन निरीक्षण किया. निरीक्षण के दौरान उन्होंने दो-टूक शब्दों में अधिकारियों को चेतावनी दी. इस अवसर पर उन्होंने कहा कि 1 जनवरी से कचरा गाड़ियों के संचालन को लेकर कोई भी बहाना स्वीकार नहीं किया जाएगा.
अधिकारियों की जवाबदेही तय
निगमायुक्त ने स्पष्ट किया कि कचरा गाड़ियों की फिटनेस और उनकी कार्यप्रणाली की जिम्मेदारी अब केवल वर्कशॉप विभाग की नहीं होगी. मुख्य स्वच्छता निरीक्षकों को भी अब मैदान में उतरना होगा.
हर दिन रिपोर्टिंग करेंगे जमीनी स्तर के कर्मचारी
प्रत्येक मुख्य स्वच्छता निरीक्षक प्रतिदिन गाड़ियों की स्थिति की लिखित रिपोर्ट सहायक स्वास्थ्य अधिकारी को सौंपेंगे. जमीनी समस्याओं के निराकरण के लिए अधिकारी आपस में निरंतर संपर्क में रहेंगे.
जिंगल और डस्टबिन अनिवार्य
स्वच्छता के मानकों को पूरा करने के लिए निगमायुक्त ने गाड़ियों के लिए नए दिशा-निर्देश जारी किए हैं. उन्होने कचरा अलग-अलग करने के लिए हर गाड़ी में 5 डस्टबिन होना अनिवार्य किया है. यदि कोई ड्राइवर मनमानी करता है या रूट का पालन नहीं करता, तो उसे तत्काल कार्य से हटाया जाएगा. गाड़ियों के मीटर चालू होने चाहिए और कचरा संग्रहण के दौरान स्वच्छता जिंगल लगातार बजना चाहिए.
मौके पर ये रहे मौजूद
इस मौके पर निगमायुक्त के साथ अपर आयुक्त देवेंद्र सिंह चौहान, सहायक आयुक्त अंकिता बर्मन, सहायक नोडल अधिकारी अभिनव मिश्रा, सहायक यंत्री देवेंद्र चौहान, सहायक स्वास्थ्य अधिकारी अनिल बारी, अर्जुन यादव, पोला राव, धर्मेंद्र राज एवं सभी मुख्य स्वच्छता निरीक्षक आदि उपस्थित रहे.

