खनिज, राजस्व एवं पुलिस की संयुक्त कार्रवाई में 3 हाईवा जप्त, अवैध खनन को लेकर बरगी थानांतर्गत हुई कार्रवाई
Source : DB News Update
By : DB News Update | Edited By: प्रिंस अवस्थी
MP Jabalpur News: मध्य प्रदेश के जबलपुर जिले में खनिज के अवैध उत्खनन, परिवहन एवं भंडारण को लेकर प्रशासन ने सख्ती दिखाना शुरू कर दिया है. जबलपुर के आसपास रेत, गिट्टी, मुरुम का लंबे समय से अवैध उत्खनन किया जा रहा था. जिसको लेकर प्रशासनिक अधिकारियों से क्षेत्रीय लोगों ने शिकायत दर्ज कराई थी. इसके अलावा मीडिया ने भी इस विषय को लेकर बड़े जोर-शोर से खबरों का प्रकाशन किया था. जिसके आधार पर प्रशासनिक अधिकारियों ने अंकुश लगाना प्रारंभ कर दिया है और कलेक्टर राघवेंद्र सिंह के निर्देशन पर शुक्रवार 10 जनवरी को खनिज, राजस्व और पुलिस दल के संयुक्त दल ने मानेगांव और संलग्न क्षेत्र का औचक निरीक्षण किया. निरीक्षण में पाया कि एम सैंड एवं गिट्टी का बिना उचित पारपत्र के क्षमता से अधिक ओवरलोड परिवहन किए जाना पाए जाने से मौके से तीन हाईवा वाहनों को जप्त किया है.
बरगी थाने में खड़े किए गए जप्तशुदा वाहन
तहसीलदार जबलपुर रविन्द्र पटेल के नेतृत्व में की गई इस कारवाई में जप्तशुदा वाहनों को सुरक्षार्थ थाना बरगी थाना में खड़ा किया गया है. तहसीलदार ने बताया कि जप्त किये गये हाइवा को बरगी थाना ले जाने के दौरान जबलपुर नागपुर मार्ग पर टोल नाके के पास रोहित जैन एवं उनके साथियों द्वारा रोके जाने पर अतिरिक्त पुलिस बल बुलवाकर वाहनों को थाना बरगी भेजा गया. उन्होंने बताया कि कार्यवाही में व्यवधान डालने की इस घटना के संबंध में आवश्यक वैधानिक कार्रवाई हेतु थाना प्रभारी बरगी को अभ्यावेदन दिया गया. कार्रवाई में खनि निरीक्षक विवेकानंद यादव, थाना प्रभारी बरगी डीएसपी हेमंत कुमार शामिल थे.

