इंग्लैंड ने दूसरे टी20 मैच में इंडिया टीम को 190 रन पर रोका और 19 ओवर में ही जीत लिया मैच. 76 रन बनाकर नाबाद रहे जैकब बैथेल.
Source : MEDIA
Written By : DB News Update | Edited By: प्रिंस अवस्थी
IND vs ENG 2nd T20: मैनचेस्टर के ओल्ड ट्रैफर्ड में खेले गए टी-20 के दूसरे मैच में भारत को हार का सामना करना पड़ा है. पहले बल्लेबाजी करने उतरी भारतीय टीम को इंग्लैण्ड की टीम ने 190 रन पर रोक दिया और 191 रनों का पीछा करने मैदान में उतरी इंग्लैंड की टीम 19 ओवर में ही जीत दर्ज कर ली. इंग्लैंड के बल्लेबाज जैकब बैथेल भारतीय टीम पर भारी पड़े और अपनी टीम को तूफान पारी खेलते हुए जीत की दहलीज पर पहुंचा दिया. उनके आगे एक भी भारतीय गेंदबाज अपना करिश्मा नहीं दिखा पाया और अकेले दम पर अर्धशतकीय पारी खेलते हुए इंग्लैंड टीम को जीत दिलाई.
पॉवरप्ले में दिखा भारतीय टीम का पॉवर
पहले बल्लेबाजी करने उतरी भारतीय टीम का पॉवर केवल पावरप्ले में देखने को मिला. इंडिया टीम एक विकेट खोकर 65 रन बना लिया था. 10 ओवर में भारतीय टीम का स्कोर दो विकेट पर 96 रन था. वहीं 15 ओवर में स्कोर 144 हो गया था. लेकिन अंतिम पांच ओवर में रनों में तेजी नहीं देखने को नहीं मिली. इंडिया टीम 16वें ओवर में 2 रन, 17वें ओवर में 7 रन और 18वें ओवर में सिर्फ 9 रन बना सकी. हालांकि, लास्ट ओवर में 17 रन जरूर आए, जिसकी बदौलत भारतीय टीम 20 ओवर में 7 विकेट खोने के बाद 190 रन बोर्ड लगा दिया. लेकिन इंग्लैंड के लिए भारतीय टीम का स्कोर बोर्ड छोटा पड़ गया और इंग्लैंड टीम एक ओवर पहले जीत दर्ज की ली. भारत के आक्रामक बल्लेबाज अभिषेक शर्मा और ईशान किशन ने सबसे ज्यादा क्रमश: 43 और 49 रन बनाए. अभिषेक ने 24 गेंद में 43 रनों की पारी खेली. उनके बल्ले से 8 चौके और एक छक्का निकला.
इंटरनेशनल डेब्यू कर रहे वैभव दबाव में दिखे
इंटरनेशनल डेब्यू कर रहे वैभव सूर्यवंशी काफी दबाव में दिखे और इस मैच में उन्होंने 10 गेंद खेलकर केवल 14 रन ही बना सके. जल्दी रन बनाने के चक्कर में ऑफ कट गेंद को लंबी दूरी भेजने के चक्कर में आउट हो गए. मगर उन्होंने 15 साल 99 दिन की उम्र में डेब्यू किया, जिससे वो भारत के लिए सबसे कम उम्र में डेब्यू करने वाले भारतीय क्रिकेटर बन गए हैं. शुरुआती पारी में भारतीय टीम का स्कोर 200 पार होता दिख रहा था. लेकिन ईशान किशन की 49 रनों की धीमी पारी ने खेल बिगाड़ दिया और भारत 200 रनों का आंकड़ा पार नहीं कर सका.
जैकब बैथेल के बवंडर में उड़ी भारतीय टीम
इंग्लैंड के धुरंधर बल्लेबाज जैकब बैथेल पारी के पहले ही ओवर में बैटिंग करने आ गए थे, क्योंकि अर्शदीप सिंह ने पहले ही ओवर में जोस बटलर और फिल साल्ट को आउट कर दिया था. बैथेल एक समय 33 गेंद में 37 रन बनाकर खेल रहे थे, लेकिन अपनी पारी की आखिरी 13 गेंदों पर उन्होंने 39 रन बटोरे. बैथेल 46 गेंद में 76 रन बनाए. इस पारी में उन्होंने 5 चौके और 5 छक्के लगाए. इसी बल्लेबाज के बदौलत इंग्लैंड की टीम जीत की दहलीज पर पहुंची.
हलांकि इंग्लैंड को आखिरी 5 ओवरों में 49 रन बनाने थे और यहां तक भारतीय टीम के पास वापसी का मौका था. मगर तभी पारी के 16वें ओवर में रवि बिश्नोई ने 29 रन लुटा दिए, जिसमें उन्होंने दो नो-बॉल भी की. बिश्नोई ने ओवर पूरा करने के लिए 9 गेंद फेंकी, जिसमें 3 छक्के और एक चौका आया.
अर्शदीप सिंह और रवि विश्नोई के नाम जुड़ा अनचाहा रिकार्ड
भारतीय टीम के गेंदबाज अपना हुनर दिखाने में कामयाब नहीं हो पाए और भारत के तेज गेंदबाज अर्शदीप सिंह और रवि बिश्नोई के नाम अनचाहा रिकॉर्ड जुड़ गया. अर्शदीप ने एक ओवर में 27 और रवि बिश्नोई ने 29 रन लुटाए. वो टी20 मैच के एक ओवर में सबसे ज्यादा पिटाई खाने वाले गेंदबाजों में शामिल हो गए हैं.
वैभव सूर्यवंशी डेब्यू मैच में फ्लॉप, फिर भी इतिहास में हो गए दर्ज
इंटरनेशनल क्रिकेट में डेब्यू कर वैभव सूर्यवंशी ने 15 साल 99 दिन की उम्र में इतिहास रच दिया है. वह सबसे कम उम्र में इंटरनेशनल क्रिकेट में डेब्यू करने वाले भारतीय खिलाड़ी बन गए हैं. उन्होंने सबसे कम उम्र में किसी भारतीय द्वारा टी20 इंटरनेशनल में छक्का लगाने का रिकॉर्ड भी अपने नाम कर लिया है. वैभव ने अपने पहले मैच में 10 गेंद में दो छक्कों की मदद से 14 रन बनाए. उन्होंने अभिषेक शर्मा के साथ अर्धशतकीय साझेदारी की.
इंग्लैंड के लिए सैम कर्रन ने कमाल की गेंदबाजी की. इस ऑलराउंडर खिलाड़ी ने चार ओवर में 33 रन देकर तीन विकेट चटकाए. इसके अलावा जोफ्रा आर्चर, विल जैक्स और लियाम डॉसन को एक-एक सफलता मिली. विल जैक्स ने ही वैभव सूर्यवंशी को आउट किया.
इंटरनेशनल डेब्यू में सबसे कम उम्र के टॉप खिलाड़ी
- 14 साल 227 दिन – हसन रजा (पाकिस्तान)
- 15 साल 99 दिन – वैभव सूर्यवंशी (भारत)
- 15 साल 116 दिन – मोहम्मद शरीफ (बांग्लादेश)
- 15 साल 124 दिन – मोहम्मद मुश्ताक (पाकिस्तान)
- 16 साल 127 दिन – आकिब जावेद (पाकिस्तान)
- 16 साल 205 दिन – सचिन तेंदुलकर (भारत)
- 16 साल 215 दिन – शाहिद अफरीदी (पाकिस्तान)
37 साल पुराना सचिन तेंदुलकर का रिकॉर्ड टूटा
सबसे कम उम्र में इंटरनेशनल डेब्यू करने का भारतीय रिकॉर्ड सचिन तेंदुलकर के नाम था. उन्होंने साल 1989 में पाकिस्तान के खिलाफ 16 साल 205 दिन की उम्र में अपना पहला अंतर्राष्ट्रीय क्रिकेट मैच खेला था. उसके 37 साल बाद वैभव ने इस मामले में उन्हें पछाड़ा है. वैभव ने महज 15 साल 99 दिन की उम्र में भारत के लिए पहला अंतर्राष्ट्रीय मैच खेला.

