Maharashtra News: मनसे चीफ राज ठाकरे के बाद एनसीपी-एसपी चीफ शरद पवार ने सीएम एकनाथ शिंदे से मुलाकात की.
By : DB News Update | Edited By: सुप्रिया
Maharashtra Politics: एनसीपी-एसपी चीफ शरद पवार (Sharad Pawar) ने शनिवार को सीएम एकनाथ शिंदे से उनके सरकारी निवास स्थान वर्षा बंगले पर जाकर मुलाकात की.
यह मुलाकात मराठा आरक्षण और अन्य मुद्दों को लेकर होना बताया जा रहा है. दोनों के बीच क्या बातचीत हुई है यह जानकारी सामने नहीं आई है लेकिन बीते दो हफ्ते में मुख्यमंत्री शिंदे और शरद पवार के बीच की ये दूसरी मुलाकात है. इससे पहले मनसे चीफ राज ठाकरे ने सीएम शिंदे से मुलाकात की थी.
मनसे प्रमुख की मुलाकात भी चर्चाओं में रही
सीएम शिंदे और राज ठाकरे के बाच हुई मुलाकात भी चर्चाओं में रही. जबकि मुंबई में बीडीडी चॉल के पुनर्विकास, पुलिस कॉलोनियों के पुनर्विकास, घरों की उपलब्धता जैसे विभिन्न मुद्दों पर बातचीत होना बताया जा रहा है. इस मुलाकात के दौरान मनसे के कई बड़े नेता भी सीएम आवास में मौजूद थे.
जुलाई में भी हुई थी शरद पवार और शिंदे की मुलाकात
महाराष्ट्र में मराठा आरक्षण को लेकर इसके पहले 22 जुलाई को शरद पवार और सीएम शिंदे के बीच मुलाकात हुई थी. यह बैठक एक घंटे चली थी. इस दौरान सीएम शिंदे ने शरद पवार को बताया था कि सरकार की ओर से मराठा आरक्षण के संबंध में क्या प्रयास किए गए हैं. उन्होंने साथ ही भरोसा दिलाया था कि आरक्षण के मुद्दे पर चर्चा के लिए सभी दलों को बुलाया जाएगा.

