इस चक्रवात की वजह से कच्छ और सौराष्ट्र में भारी बारिश हो सकती है
By : DB News Update
Edited By : सुप्रिया
Cyclone Asna: गुजरात में भारी बारिश और बाढ़ ने हाहाकार मचा है. इसी बीच गुजरात पर अब “चक्रवात असना’ का खतरा मंडरा रहा है. इस चक्रवात की वजह से कच्छ और सौराष्ट्र में भारी बारिश की आशंका है. आईएमडी ने अपने बयान में कहा, ‘गुजरात के सौराष्ट्र-कच्छ क्षेत्र पर एक चक्रवात बन रहा है, जिसके शुक्रवार को अरब सागर के ऊपर उभरने और ओमान तट की ओर बढ़ने की उम्मीद है.’ इस दौरान गुजरात और उत्तरी महाराष्ट्र के तटों के साथ-साथ समुद्री क्षेत्रों में अगले दो दिनों तक 60-65 किमी प्रति घंटे की तेज हवाएं चल सकती हैं. मछुआरों को अगले कुछ दिनों तक समुद्र में न जाने की सलाह दी गई है.
अगस्त में 1976 के बाद पहला चक्रवाती तूफान
मौसम विभाग के अनुसार, अगस्त में 1976 के बाद अरब सागर के ऊपर उठने वाला यह पहला चक्रवाती तूफान होगा. उस समय यह चक्रवात ओडिशा के ऊपर विकसित हुआ था. इसके बाद यह चक्रवात पश्चिम-उत्तर-पश्चिम की ओर बढ़ा था. हालांकि यह चक्रवात उत्तर-पश्चिम अरब सागर पर कमजोर हो गया था.
आईएमडी ने जानकरी देते हुए आगे बताया कि इस तूफान की सबसे असामान्य बात यह है कि कई दिनों से इसकी तीव्रता में कोई कमी नहीं आई है. इस वजह से सौराष्ट्र और कच्छ पर गहरा दबाव बन रहा है. इस वजह से इस क्षेत्र में भारी बारिश हो सकती है.

