मिस इंडिया 2024 का खिताब जीतने वाली निकिता पोरवाल धार्मिक आयोजनों में रहीं सक्रिय, उनके परिवार को इस उपलब्धि पर गर्व, पिता आयल कारोबारी
Source : DB News Update
By : DB News Update | Edited By: सुप्रिया
Miss India 2024: मध्य प्रदेश के उज्जैन शहर के लिए खुशी का दिन है. क्योंकि उज्जैन की रहने वाली निकिता पोरवाल को मिस इंडिया चुना गया है. निकिता धार्मिक प्रवृत्ति की हैं और वे धार्मिक कार्यक्रमों में मुख्य भूमिका निभा चुकी है. राधा और सीता का किरदार भी उन्होंने बखूबी निभाया है. इस उपलब्धि पर उनका पूरा परिवार काफी खुश है. उनकी इस उपलब्धि से न केवल शहरवासी गौरवान्वित महसूस कर रहे होंगे, बल्कि प्रदेश भर में उनके मिस इंडिया चुने जाने पर गर्व है. सबसे बड़ी बात यह है कि उन्हाेंने एक धार्मिक थियेटर से उठकर अपनी पहचान बनाई है.
अरविंद नगर के रहने वाले बिजनेसमैन अशोक पोरवाल की बेटी निकिता पोरवाल को मिस इंडिया का खिताब जीता है. निकिता पोरवाल के परिजन फिलहाल मुंबई में हैं. उज्जैन की रहने वाली निकिता को फेमिना मिस इंडिया 2024 का खिताब मिलते ही उनके पड़ोसी काफी खुश नजर आ रहे हैं.
शुरू से ही था मॉडलिंग का शौक
निकिता के घर पर बधाई देने वालों की भीड़ लग रही है. निकिता रामलीला और कृष्ण लीला में सीता राधा और सीता की भूमिका निभा चुकी है. निकिता की बहन इंदौर में चार्टर्ड अकाउंटेंट है, जबकि भाई इंडियन ऑयल कॉर्पोरेशन में इंजीनियर के पद पर पदस्थ है.
निकिता को शुरू से ही मॉडलिंग का शौक था, वह पिछले 1 साल से मुंबई में रहकर मॉडलिंग कर रही थी. इस दौरान उन्होंने मिस इंडिया खिताब के लिए अपना भाग्य आजमाया और उन्हें सफलता हाथ लग गई.
पढ़ाई में भी काफी तेज हैं निकिता
निकिता को जानने वाले उनके पड़ोसियों का कहना है कि वह काफी सरल स्वभाव की हैं. निकिता की कद काठी और चेहरा काफी आकर्षक है. वह पढ़ाई में भी काफी होशियार हैं. उन्होंने बताया कि निकिता लोगों से ज्यादा बातचीत भी नहीं करती थी. वह एक साल से लगातार मुंबई में रहकर मॉडलिंग कर रही थी.
ऑयल कारोबारी हैं पिता
वहीं, निकिता पोरवाल के पिता अशोक पोरवाल ऑयल कारोबारी हैं. अभी वह अपनी बेटी के साथ मुंबई में ही हैं. घर पर दादा मौजूद हैं. मीडिया से बात करते हुए उन्होंने कहा है कि पढ़ाई के समय से ही एक्टिंग के प्रति उसका रुझान था. वह उज्जैन में आयोजित रामलीला और कृष्णालीला में भी अपनी भूमिका निभाती थी. निकिता पोरवाल सीता और राधा की किरदार करती थी.
एक साल से मुंबई में रह रही थी निकिता
निकिता पोरवाल मॉडलिंग के लिए एक साल से मुंबई में रह रही थी. उसने कई एड फिल्म में भी किया है. पढ़ाई-लिखाई की बात की जाए तो निकिता पोरवाल ने उज्जैन कार्मल कॉन्वेंट से 12वीं तक की पढ़ाई की है. इसके बाद निकिता ने गुजरात के महाराजा सयाजीराव यूनिवर्सिटी ऑफ बड़ौदा से एक्टिंग और मॉडलिंग का कोर्स किया.
घर लौटते ही धूमधाम से स्वागत
जैसे ही निकिता के उज्जैन लौटने की खबर फैली, शहरवासियों ने जगह-जगह बधाई देने के लिए पोस्टर लगा दिए. उनके घर पर जमकर आतिशबाजी की गई. बेंड बाजे और ढोल की थाप पर मोहल्ले के लोगों ने स्वागत किया, जिससे निकिता का घर खुशी और उत्साह से गूंज उठा. इस खुशी के मौके पर निकिता ने सभी को धन्यवाद दिया और अपनी सफलता को साझा किया.
परिवार में खुशी का माहौल
निकिता के मिस इंडिया का खिताब जीतने के बाद उनके परिवार में खुशी का माहौल बना हुआ था. लेकिन जब वह पहली बार घर आईं, तो यह खुशी और भी बढ़ गई. उनकी माँ ने निकिता की आरती उतारी और उन्हें नज़र उतारकर आशीर्वाद दिया. यह परिवार का एक भावनात्मक क्षण था, जिसमें सभी ने मिलकर अपनी खुशियों को साझा किया.
उज्जैन में रोड शो का आयोजन
उज्जैन में निकिता पोरवाल की पहचान कम लोगों के बीच थी, लेकिन जैसे ही यह खबर फैली कि उन्होंने मिस इंडिया का खिताब जीता है, हर कोई उन्हें देखने के लिए उत्सुक हो गया. उज्जैन के टॉवर चौक से शुरू होने वाले रोड शो की तैयारी चल रही है. यह रोड शो शहीद पार्क और देवास रोड होते हुए इस्कॉन मंदिर तक पहुंचेगा. इस अवसर पर निकिता पोरवाल को बधाई देने के लिए लोगों की भारी भीड़ जुटने की उम्मीद है.

