Gangotri and Yamunotri Dham : गंगोत्री और यमुनोत्री धाम की यात्रा स्थानीय अर्थव्यवस्था में सहायक
By : DB News Update | Edited By : सुप्रिया
Chardham Yatra 2024: गंगोत्री और यमुनोत्री धाम में इस वर्ष श्रद्धालुओं की संख्या ने एक नया रिकॉर्ड स्थापित करने की दिशा में बढ़ रहा है. वर्तमान में दोनों धामों में श्रद्धालुओं की संख्या 15 लाख के पार पहुंच चुकी है. गंगोत्री धाम में जहां 8 लाख से अधिक श्रद्धालु पहुंच चुके हैं, वहीं यमुनोत्री धाम में ये संख्या 7 लाख से ज्यादा हो गई है. ध्यान देने वाली बात है कि दोनों धामों के कपाट बंद होने में एक सप्ताह का समय शेष है. माना जा रहा है कि इस बार श्रद्धालुओं की संख्या एक नया कीर्तिमान स्थापित कर सकती है.
गंगोत्री की 177 और यमुनोत्री की 178 दिन तक चली
चार धामों में गंगोत्री और यमुनोत्री धाम की यात्रा इस वर्ष 10 मई को प्रारंभ हुई थी. केवल 17 दिनों के भीतर ही इन दोनों धामों में 4 लाख से अधिक श्रद्धालु दर्शन करने पहुंचे थे. पिछले वर्ष की तुलना में, जहां गंगोत्री धाम की यात्रा 207 दिन और यमुनोत्री धाम की 208 दिन चली थी, इस वर्ष गंगोत्री की यात्रा केवल 177 दिन और यमुनोत्री की 178 दिन तक ही सीमित रहेगी. इसके बावजूद, श्रद्धालुओं की रिकॉर्ड संख्या इस बात को दर्शाती है कि लोगों का आस्था और भक्ति में कोई कमी नहीं आई है.
श्रद्धालुओं की संख्या ने तोड़े रिकॉर्ड
मीडिया रिपोर्ट के मुताबिक रविवार की शाम तक दोनों धामों में कुल 15,01,563 श्रद्धालु पहुंच चुके हैं. इसमें यमुनोत्री धाम में 7,00,828 श्रद्धालु और गंगोत्री धाम में 8,00,735 श्रद्धालु शामिल हैं. इस तरह, दोनों धामों में आने वाले श्रद्धालुओं की एक दिन की औसत संख्या 8,781 है, जबकि पिछले वर्ष यह संख्या 7,907 थी. यह वृद्धि इस बात का प्रमाण है कि लोगों में चार धाम यात्रा के प्रति जागरूकता और रुचि बढ़ रही है.

