Prayagraj News: सन्यासियों के सबसे बड़े अखाड़े जूना और किन्नर अखाड़े के संतों का नगर प्रवेश शाही अंदाज में होगा
By : DB News Update | Edited By : प्रिंस अवस्थी
Mahakumbha 2025: संगम नगरी प्रयागराज में 13 जनवरी से शुरू हो रहे महाकुंभ के लिए संत महात्माओं का औपचारिक तौर पर आगमन रविवार 3 नवंबर यानी आज से शुरू हो जाएगा. रविवार को सबसे पहले सन्यासियों के सबसे बड़े अखाड़े जूना और किन्नर अखाड़े के संतों का नगर प्रवेश शाही अंदाज में होगा. दोनों अखाड़ों के महामंडलेश्वर, पदाधिकारी और दूसरे संत महात्मा शाही रथों और बग्घियों पर सवार होकर गाजे बाजे और बैंड पार्टियों के बीच शहर में दाखिल होंगे.
दोनों अखाड़े के संत अलग-अलग आश्रमों और दूसरी जगहों पर ठहराए जाएंगे. दिसंबर महीने में महाकुंभ क्षेत्र में अखाड़े की पेशवाई होगी. नगर प्रवेश करने वाले संत महात्मा महाकुंभ में अपने अखाड़े की व्यवस्थाओं को देखेंगे. जूना और किन्नर अखाड़े के नगर प्रवेश को लेकर प्रशासन ने सुरक्षा से लेकर ट्रैफिक व्यवस्था के खास इंतजाम किए हैं.
जल्द होगा दूसरे अखाड़े के संतों का आगमन
जूना अखाड़े के बाद जल्द ही दूसरे अखाड़े के संतों का भी नगर प्रवेश होगा. जूना अखाड़े से जुड़ी दत्तात्रेय सेवा समिति प्रयागराज महाकुंभ के सकुशल संपन्न होने की कामना के लिए 10 नवंबर को यमुना के मौजगिरि घाट पर सवा लाख दीप जलाएगी.

