पीएम नरेंद्र मोदी ने विक्रांत मैसी की फिल्म ‘द साबरमती रिपोर्ट’ को लेकर अपने ऑफिशियल सोशल मीडिया हैंडल से पोस्ट किया है.
By : डीबी न्यूज अपडेट | Edited By : प्रिंस अवस्थी
PM Narednra Modi Post on The Sabarmati Report: हाल में ही रिलीज हुई विक्रांत मैसी की फिल्म ‘द साबरमती रिपोर्ट’ को लेकर देश के प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने सोशल मीडिया पर पोस्ट किया है. उन्होंने लिखा है कि सच सबके सामने आ रहा है और आखिरकार फैक्ट्स सामने आ ही जाते हैं.
पीएम मोदी ने अपने ऑफिशियल एक्स हैंडल से आलोक भट्ट नाम के एक यूजर का एक्स पोस्ट रीपोस्ट किया है. इस पोस्ट में गोधरा कांड पर बनी फिल्म द साबरमती रिपोर्ट का ट्रेलर भी इस्तेमाल किया गया है.
फैक्ट्स हमेशा सामने आते हैं!
पीएम मोदी ने रीपोस्ट करते हुए लिखा है, ” ये अच्छी बात है कि ये सच सामने आ रहा है और वो भी एक ऐसे तरीके से जिससे आम लोग इसे देख सकें. एक फेक नैरेटिव कुछ समय तक ही चल सकता है. आखिरकार, फैक्ट्स हमेशा सामने आते हैं!”
बता दें कि पीएम मोदी ने जिस पोस्ट पर अपनी प्रतिक्रिया दी है, उसमें फिल्म देखने की 4 वजहें बताई गई हैं. जिसके जवाब में पीएम मोदी ने प्रतिक्रिया देते हुए शुरुआत में ये भी लिखा था- ‘वेल सेड’
गोधरा कांड पर बनी है ‘द साबरमती रिपोर्ट’
विक्रांत मैसी की फिल्म साल 2002 में 27 फरवरी को गोधरा में हुए अग्निकांड पर बनाया गया है. तब गुजरात के गोधरा में अयोध्या से वापस लौट रही साबरमती एक्सप्रेस में सवार कारसेवकों की बोगी पर आग लगा दी गई थी. इस दिल दहला देने वाली घटना में 59 लोगों की जान चली गई थी. इसके एक दिन बाद 28 फरवरी से गुजरात में वीभत्स सांप्रदायिक दंगे हुए जिसमें करीब 1000 लोगों की जानें गई थीं.

