अभिनेत्री शिल्पा शेट्टी ने उज्जैन के महाकालेश्वर मंदिर व मंदिर परिसर के विकास कार्यों की सराहना की.
Source : DB News Update
By : DB News Update | Edited By: प्रिंस अवस्थी
Shilpa Shetty In MP: बाबा महाकाल की नगरी उज्जैन में नेता-अभिनेता सब नतमस्तक होते हैं. बाबा का आशिर्वाद जिसे मिल जाए, उसकी सारी मनोकामनाएं पूर्ण हो जाती हैं. सभी श्रद्धालु बाबा महाकाल का दर्शन लाभ लेने के साथ अपनी इच्छाओं की पूर्ति की कामना करते हैं. इसी क्रम में आज भगवान महाकाल के दरबार में अभिनेत्री शिल्पा शेट्टी भी पहुंची और उनके अचानक पहुंचने से श्रद्धालु अचंभित देखे गए. फिल्म अभिनेत्री शिल्पा शेट्टी ने पति राज कुंद्रा के साथ आशीर्वाद लेने पहुंची थीं और पूजा-अर्चना कर खुशहाली की दुआ मांगी.
महाकालेश्वर मंदिर में सोमवार को भोग आरती की तैयारी चल रही थी. इसी दौरान अचानक हलचल देखने को मिली बाद में पता चला कि अभिनेत्री शिल्पा शेट्टी अपने पति राज कुंद्रा के साथ भगवान महाकाल का आशीर्वाद लेने के लिए उज्जैन पहुंची हैं.
18 साल बाद भगवान महाकाल का आशीर्वाद मिला
अभिनेत्री शिल्पा शेट्टी ने मीडिया से चर्चा के दौरान कहा कि उन्हें महाकालेश्वर मंदिर में अद्भुत ऊर्जा मिलती है. वे 18 साल पहले भगवान महाकाल का आशीर्वाद देने के लिए आई थी. इसके बाद एक बार फिर बाबा ने उन्हें आशीर्वाद दिया है. शिल्पा शेट्टी ने यह भी कहा कि उन्हें महाकालेश्वर मंदिर जाकर काफी खुशी मिलती है. यह खुशी उनके चेहरे पर देखी जा सकती है. उन्होंने आगे कहा कि श्री महाकालेश्वर एक ऐसा ज्योतिर्लिंग है जहां की शक्ति को हर कोई जानता है. यहां आप जो भी मांगते हैं वह आपको जरूर मिलता है. बाबा महाकाल के बारे में मैं जो भी बोलूंगी वह कम ही होगा. बाबा महाकाल ने मेरी हर मुराद को पूरा किया है. मैं आप सभी से भी कहती हूं कि आप यहां जरूर आएं और बाबा महाकाल की शक्ति का अनुभव करें. आपने नए प्रोजेक्ट के बारे में कुछ नहीं बताया, बस यही का कहा कि बाबा महाकाल से प्रोटेक्शन मांगने के लिए यहां आई हूं.
महाकालेश्वर की पूरी तरह तस्वीर ही बदल गई
अभिनेत्री शिल्पा शेट्टी ने कहा कि 18 साल में महाकालेश्वर मंदिर परिसर की तस्वीर पूरी तरह बदल गई है. यहां पर काफी विकास कार्य हुए हैं. मंदिर परिसर को काफी बड़ा कर दिया गया है जो कि काफी अद्भुत और अकल्पनीय है.
शिल्पा ने 20 मिनट तक किए बाबा महाकाल के दर्शन
महाकाल के दर्शन करने के लिए अभिनेत्री शिल्पा शेट्टी के पति राज कुंद्रा और सीरियल अनुपमा में वनराज का किरदार करने वाले अभिनेता सुधांशु पाण्डे भी पहुंचे थे. सोमवार सुबह करीब 11 बजे भगवान महाकाल की विशेष आरती में शामिल हुईं शिल्पा ने पहले मंदिर परिसर में पूजा और अभिषेक किया. इसके बाद नंदी हाल में बैठकर ध्यान और साधना में समय बिताया. अभिनेत्री ने करीब 20 मिनट तक मंदिर में रुककर भगवान महाकाल के दर्शन किए.
शिल्पा ने कहा बाबा ने 18 साल बाद बुलाया
मीडिया से चर्चा करते हुए शिल्पा शेट्टी ने कहा, ” जब तक भोलेबाबा बुलाते नहीं हैं, तब तक आप दर्शन कर नहीं सकते हैं. हम लोगों को आज 18 सालों के बाद बाबा महाकाल के दर्शन करने का मौका मिला है. यहां की शक्ति के बारे में हर किसी को पता है. एक बार यहां आकर आप महादेव से कुछ भी मांगिए आपकी मनोकामना पूरी हो जाएगी. हर-हर महादेव.”
गौरतलब है कि महाकालेश्वर मंदिर हर दिन लाखों भक्तों की आस्था का केंद्र बना रहता है. श्रद्धालुओं की यहां भीड़ भगवान महाकाल की दिव्यता और शक्ति की गवाही देती है. हर खास और आम भक्त को यहां पूजा के दौरान एक अद्भुत ऊर्जा का अनुभव होता है.
शिल्पा कैसे कमाती हैं पैसा
बताया जा रहा है कि शिल्पा फिल्मों के अलावा वह रियलिटी टीवी शो में जज के रूप में काम करती हैं. वह मशहूर रेस्तरां चेन ‘बेस्टियन’ (Bastian) की सह-मालिक हैं. इसके अलावा उन्होंने मामाअर्थ (Mamaearth) जैसे स्टार्टअप्स में भी निवेश किया है. वह विज्ञापनों और फिटनेस ब्रांड्स के लिए प्रति विज्ञापन लगभग 1 करोड़ रुपये चार्ज करती हैं.
अनुपमा के सुधांशु ने भी किए बाबा महाकाल के दर्शन
बताया जा रहा है कि अभिनेत्री शिल्पा शेट्टी के साथ आज अनुपम सीरियल के सुधांशु पांडे भी बाबा महाकाल के दर्शन करने पहुंचे थे जिन्होंने नंदी हॉल में बैठकर बाबा महाकाल का पूजन अर्चन किया. यहां बैठकर बाबा महाकाल की आरती देखी और उनका आशीर्वाद भी लिया.
