एआईएमआईएम के नेताओं ने केंद्रीय मंत्री गिरिराज सिंह से मुलाकात कर मालेगांव पावरलूम उद्योग की परेशानियों के बारे में बताया.
By : DB News Update | Edited By: प्रिंस अवस्थी
AIMIM Team Meets Giriraj Singh: ऑल इंडिया मजलिस-ए-इत्तेहादुल मुस्लिमीन (एआईएमआईएम) के चीफ असदुद्दीन ओवैसी ने मंगलवार (10 दिसंबर, 2024) को केंद्रीय कपड़ा मंत्री गिरिराज सिंह से दिल्ली में उनके ऑफिस में मुलाकात की है. इस दौरान उनके साथ महाराष्ट्र के मालेगांव से विधायक मुफ्ती इस्माइल कासमी और एआईएमआईएम की महाराष्ट्र इकाई के अध्यक्ष इम्तियाज जलील भी मौजूद रहे.
मालेगांव का दौरा करें केन्द्रीय मंत्री
इस मुलाकात के बारे में जानकारी देते हुए असदुद्दीन ओवैसी ने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म एक्स पर लिखा, “दस सदस्यीय प्रतिनिधिमंडल ने कपड़ा मंत्री गिरिराज सिंह से मुलाकात की और उन्हें मालेगांव के पावरलूम उद्योग की समस्याओं के बारे में जानकारी दी, जिसमें 5 लाख यूनिट शामिल हैं. प्रतिनिधिमंडल ने केंद्रीय मंत्री से मालेगांव का दौरा करने का भी अनुरोध किया.”
गिरिराज सिंह ने दिलाया भरोसा
उन्होंने आगे कहा, “प्रतिनिधिमंडल में मालेगांव विधायक मुफ्ती इस्माइल कासमी, एआईएमआईएम महाराष्ट्र के अध्यक्ष इम्तियाज जलील और एडवोकेट मोमिन मुजीब अहमद शामिल थे. मंत्री ने आश्वासन दिया कि वे समस्याओं पर गौर करेंगे और उन्हें हल करने का प्रयास करेंगे.”

