कांग्रेस नेता जयराम रमेश ने कहा, हमारा मानना है कि भारत जोड़ो यात्रा ने कांग्रेस को ‘संजीवनी’ दी.
Source : DB News Update
By : DB News Update | Edited By: प्रिंस अवस्थी
Congress CWC Meet: कर्नाटक के बेलगावी में गुरुवार को कांग्रेस CWC की बैठक हुई. बैठक में निर्णय लिया गया कि 26 जनवरी 2025 से ‘संविधान बचाओ राष्ट्रीय पद यात्रा’ शुरू की जाएगी. जो एक साल तक चलेगी. कांग्रेस महासचिव केसी वेणुगोपाल ने बताया कि CWC में हमने दो प्रस्ताव पेश किए. पहला महात्मा गांधी पर और दूसरा राजनीतिक प्रस्ताव. उन्होंने बताया कि कांग्रेस 2025 में संगठनात्मक सुधार कार्यक्रम शुरू करेगी. इसके तहत हर स्तर पर नेताओं की क्षमता की गहन जांच की जाएगी.
भारत जोड़ो यात्रा से कांग्रेस को मिली संजीवनी
कांग्रेस नेता जयराम रमेश ने कहा, हमारा माननाहै कि भारत जोड़ो यात्रा ने कांग्रेस को संजीवनी दी और यह कांग्रेस की राजनीति में एक महत्वपूर्ण मोड़ था. इसके बाद भारत जोड़ो न्याय यात्रा हुई और अब 26 जनवरी 2025 को हम एक साल तक चलने वाली ‘संविधान बचाओ राष्ट्रीय पद यात्रा’ शुरू करेंगे.
जयराम रमेश ने कहा, कल बेलगावी में हम ‘जय बापू, जय भीम और जय संविधान’ रैली आयोजित करेंगे. फिर इसे आगे तक ले जाएंगे. इसके बाद एक साल के लिए ‘संविधान बचाओ राष्ट्रीय पद यात्रा’ निकालेंगे. इसके तहत हर राज्य के गांव-गांव से शहर शहर तक पदयात्रा निकाली जाएगी. इसमें सभी बड़े नेता शामिल होंगे. इसमें संविधान, आर्थिक व्यवस्था, लोकतंत्र, इलेक्शन कमीशन, अडानी समेत सभी मुद्दे उठाए जाएंगे.
बैठक में दो प्रस्ताव हुए पारित
उन्होंने कहा, “हमने दो प्रस्ताव पेश किए, एक महात्मा गांधी पर और दूसरा राजनीतिक प्रस्ताव. चर्चा में 50 से अधिक नेताओं ने भाग लिया… हमने आखिरकार एक साल के लिए बड़े पैमाने पर राजनीतिक अभियान चलाने का फैसला किया. 2025 कांग्रेस का संगठनात्मक सुधार कार्यक्रम होगा. हर स्तर पर नेताओं की क्षमता के बारे में गहन जांच की जाएगी.”
कांग्रेस ने गुरुवार को संविधान पर कथित हमले के साथ-साथ महंगाई और भ्रष्टाचार पर लोगों की चिंताओं जैसे मुद्दों को उठाने के लिए पदयात्राओं सहित 13 महीने लंबे राजनीतिक अभियान की घोषणा की. पार्टी ने जवाबदेही और क्षमता के आधार पर एक बड़े संगठनात्मक बदलाव की भी मांग की, जो तुरंत शुरू होकर अगले साल तक चलेगा.
बूथ से लेकर शीर्ष तक संगठन में होगा सुधार
कांग्रेस महासचिव प्रभारी (संचार) जयराम रमेश और एआईसीसी मीडिया एवं प्रचार विभाग के प्रमुख पवन खेड़ा के साथ संवाददाताओं को संबोधित करते हुए कांग्रेस महासचिव प्रभारी (संगठन) के सी वेणुगोपाल ने कहा कि 2025 बूथ से लेकर शीर्ष तक हर स्तर पर संगठन में सुधार का वर्ष होगा. उन्होंने कहा कि जवाबदेही और नेतृत्व की क्षमता के बारे में गहन जांच संगठन के “व्यापक सुधार” का आधार बनेगी।
वेणुगोपाल ने यह भी कहा कि ‘जय बापू, जय भीम और जय संविधान अभियान’ होगा, जो पदयात्राओं और गांव, ब्लॉक, जिला और राज्य स्तरीय रैलियों की एक सतत श्रृंखला वाला एक सतत अभियान होगा. उन्होंने कहा कि इसका नेतृत्व राष्ट्रीय, राज्य और स्थानीय स्तर के नेतृत्व द्वारा किया जाएगा.
AAP के अल्टीमेटम पर क्या बोली कांग्रेस?
इंडिया गठबंधन को लेकर आम आदमी पार्टी की बयानबाजी के सवाल पर कांग्रेस संगठन महासचिव केसी वेणुगोपाल ने कहा, हमें इंडिया गठबंधन की फिक्र है. हम इंडिया गठबंधन के हिमायती हैं. दरअसल, आम आदमी पार्टी ने कांग्रेस को अल्टीमेटम दिया है कि अगर पार्टी अजय माकन पर एक्शन नहीं लेती तो वह इंडिया गठबंधन में शामिल बाकी पार्टियों से कांग्रेस को बाहर करने की मांग करेंगे.
राहुल गांधी ने महाराष्ट्र चुनाव नतीजों पर उठाए सवाल
इससे पहले कांग्रेस कार्यसमिति की बैठक को संबोधित करते हुए लोकसभा नेता और कांग्रेस सांसद राहुल गांधी ने महाराष्ट्र विधानसभा चुनाव के नतीजों पर सवाल उठाए और चुनाव आयोग की भूमिका को संदिग्ध बताया. उन्होंने कहा, ‘मतदाता सूची में बड़ा बदलाव किया गया. महाराष्ट्र की 118 सीटों पर 72 लाख मतदाता 2024 के लोकसभा चुनाव के बाद जोड़े गए, जिनमें से 102 पर भाजपा ने जीत दर्ज की. इससे साफ है कि कहीं न कहीं कुछ गड़बड़ है.’

