भारतीय अंतरिक्ष अनुसंधान संगठन (इसरो) ने रविवार को कहा कि अंतरिक्ष डॉकिंग प्रयोग करने के लिए प्रक्षेपित किए गए दो उपग्रहों को परीक्षण के तौर पर तीन मीटर की दूरी पर लाया गया.
By : DB News Update | Edited By: प्रिंस अवस्थी
SpaDeX: भारतीय अंतरिक्ष अनुसंधान संगठन (ISRO) ने रविवार को स्पेस डॉकिंग एक्सपेरिमेंट (SPADEX) का सफल ट्रायल किया. ISRO ने 2 स्पेस सैटेलाइट के बीच दूरी पहले 15 मीटर, फिर 3 मीटर तक रखी. इसके बाद दोनों सैटेलाइट को वापस सुरक्षित दूरी पर ले जाया गया.
ISRO ने बताया, डॉकिंग ट्रायल का डेटा एनालिसिस किया जा रहा है. इसके बाद आगे की प्रक्रिया पूरी की जाएगी. दरअसल स्पेडेक्स मिशन की डॉकिग दो बार टल चुकी है. पहले 7 जनवरी फिर 9 जनवरी को डॉकिंग किया जाना था.
ISRO ने 30 दिसंबर को श्रीहरिकोटा से रात 10 बजे SpaDeX यानी स्पेस डॉकिंग एक्सपेरिमेंट मिशन लॉन्च किया था. इसके तहत PSLV-C60 रॉकेट से दो स्पेसक्राफ्ट को पृथ्वी से 470 किमी ऊपर डिप्लॉय किए गए थे.
रूस, अमेरिका और चीन के बाद भारत बन सकता है ऐसा चौथा देश
यदि मिशन आगे सफल रहता है तो रूस, अमेरिका और चीन के बाद भारत ऐसा करने वाला चौथा देश बन जाएगा. मिशन की कामयाबी पर ही भारत का चंद्रयान-4 मिशन निर्भर है, जिसमें चंद्रमा की मिट्टी के सैंपल पृथ्वी पर लाए जाएंगे। चंद्रयान-4 मिशन को 2028 में लॉन्च किया जा सकता है.

