दिल्ली के लगभग 40 स्कूलों को बम की धमकी भरा ईमेल मिला है. ईमेल में कहा गया है कि स्कूल कैंपस में कई बम प्लांट किए गए हैं. ईमेल में 30 हजार डॉलर फिरौती की मांग की गई है.
Source : DB News Update
By : DB News Update | Edited By: प्रिंस अवस्थी
Delhi Schools Bomb Threat: दिल्ली में सोमवार की सुबह एक बार फिर हड़कंप की स्थिति बन गई, जब शहर के लगभग 40 स्कूलों को बम की धमकी भरा ईमेल पहुंचा. सुबह करीब 7.00 बजे स्कूल मैनेजमेंट की ईमेल आईडी पर बम की धमकी का एक मेल आया हुआ था, जिसमें लिखा था कि स्कूल कैंपस में कई बम प्लांट किए गए हैं. बम बहुत छोटे हैं जिन्हें छुपा कर रखा गया है. इसके धमाके से बहुत लोग घायल हो सकते हैं. वहीं, ईमेल में 30 हजार डॉलर फिरौती की मांग की गई थी.
आसानी से नहीं मिलेंगे बम
दिल्ली के स्कूलों को आए इस धमकी वाले ईमेल में कई चीजें लिखी हुई हैं. ईमेल के जरिए आए मैसेज में लिखा था कि स्कूलों में कई बम प्लांट किए गए हैं, जिन्हें लेड अजाइड (Lead Azide, Pb(N3)2) के जरिए तैयार किया जाता है. यह केवल बड़े धमाकों के लिए इस्तेमाल में लाया जाता है. बमों को अच्छी तरह से छुपाया गया है, ये आसानी से नहीं मिलेंगे.
मेल में लिखा- ‘तुम सब इसी लायक हो’
मेल में यह भी लिखा था, “इन धमाकों से इमारत को ज्यादा नुकसान नहीं होगा, लेकिन विस्फोट से कई लोग घायल जरूर हो जाएंगे. तुम सब इसी लायक हो. अगर मुझे 30 हजार डॉलर नहीं मिले, तो विस्फोट होना तय है.”
झूठी हो सकती है धमकी
मीडिया रिपोर्ट के मुताबिक सभी स्कूलों में पुलिस और फायर डिपार्टमेंट की टीमें तैनात हैं और सघन जांच जारी है. पुलिस को आशंका है कि अभी तक मिली सभी धमकियों की तरह ये धमकी भी झूठी हो सकती है. हालांकि, पूरी जांच करने के बाद ही किसी निष्कर्श पर आया जा सकेगा. जांच में किसी तरह की कोताही नहीं बरती जाएगी. फिलहाल, सभी बच्चे सुरक्षित हैं और स्कूल मैनेजमेंट ने अभिभावकों को जानकारी देते हुए बच्चों को स्कूल से घर भेज दिया है.
बम रखे होने की सूचना पर शुरू हुई राजनीति
दिल्ली के स्कूलों में बम रखे होने की सूचना पर राजनीति शुरू हो गई है, AAP ने BJP पर लगाए ये आरोप
दिल्ली के स्कूलों में बम रखे होने की सूचना पर राजनीति भी शुरू हो गई है. इन सूचनाओं को लेकर दिल्ली में सरकार चला रही आम आदमी पार्टी ने बीजेपी पर हमला बोला है.
दिल्ली सरकार के मंत्री और आप के राष्ट्रीय प्रवक्ता सौरभ भारद्वाज ने कहा,” एक दिन पहले ही भाजपा के प्रवक्ता कहते हैं कि अब जगह-जगह बम को लेकर मैसेज आने लगेंगे और आज दिल्ली के तमाम जगहों पर ऐसे कॉल और मैसेज आ रहे हैं. उन्होंने कहा कि दिल्ली पुलिस के लिए अब ये बड़ी परीक्षा का समय है. अगर पुलिस 1-2 दिन में इन लोगों को पकड़ लेती है तो ठीक है, वरना सब समझ जाएंगे की इसके पीछे कौन है.
एक दिन पहले ही BJP के प्रवक्ता कहते हैं कि अब जगह-जगह बम को लेकर मैसेज आने लगेंगे और आज दिल्ली के तमाम जगहों पर ऐसे कॉल और मैसेज आ रहे हैं.
स्कूलों में बम रखे होने के 60 से अधिक कॉल आईं
दिल्ली फायर सर्विस के निदेशक अतुल गर्ग ने पूरी दिल्ली में कई स्कूलों में बम रखे होने की सूचना मिली थी. उन्होंने कहा,” हमें सुबह से ही फोन आ रहे हैं. कंट्रोल रूम को 60 से अधिक कॉल मिले हैं. हम सभी फोन कॉल को अटेंड करने की कोशिश कर रहे हैं. हॉक्स कॉल पाए जाने के बाद कई फायर ब्रिगेड की गाड़ियां स्कूलों से लौट आई हैं. मैंने दिल्ली के दमकल केंद्रों को सुबह ही सतर्क कर दिया था. अधिकारियों को फायर स्टेशन पर ही रहने को कहा गया था. ” उन्होंने कहा कि ये सभी ईमेल फर्जी थे और परेशान करने की नीयत से भेजे गए थे.
