ED की रेड जबलपुर से लेकर भोपाल तक, सौरभ शर्मा के साले के घर जबलपुर तक पहुंची टीम, प्रेस लिखी गाड़ी से वहां पहुंची थी ईडी.
Source : DB News Update
BY : DB News Update | Edited By : प्रिंस अवस्थी
ED Raids In MP: जबलपुर. ED की टीम जबलपुर निवासी रोहित तिवारी के परिवार से पूछताछ कर रही है. घर को चारों तरफ से बंद कर दिया गया है. परिवार से पूछताछ की जा रही है. कोई भी सदस्य घर के अंदर या बाहर नहीं जा सकता है. इसके लिए सुरक्षा की पुख्ता इंतजाम किए गए हैं.
सौरभ शर्मा और उसके नजदीकी लोगों के ठिकाने पर ईडी की छापेमारी चल रही है. यह छापेमारी तीन शहरों में चल रही है. भोपाल और ग्वालियर स्थित सौरभ और उसके नजदीकियों पर छापेमारी चल रही है. इसके साथ ही ईडी जबलपुर में बिल्डर रोहित तिवारी के ठिकानों पर छापेमारी कर रही है. बताया जा रहा है कि रोहित तिवारी सौरभ शर्मा का साला है. इससे रोहित के सहयोगियों में भी हड़कंप मच गया है.
मेटल डिटेक्टर के साथ पहुंची टीम
बताया जा रहा है कि ईडी की टीम अपने साथ मेटल डिटेक्टर और अन्य उपकरण भी लेकर पहुंची है, जिससे पता लगाया जा सके कि घर में कहीं कोई और स्थानों पर कोई गोपनीय दस्तावेज और सोना-चांदी छिपाकर तो नहीं रखा गया है. ईडी टीम के साथ सीआरपीएफ के जवान भी हैं.
छापेमारी वाली जगहों पर सीआरपीएफ का पहरा
वहीं, सौरभ शर्मा के घर और उससे जुड़े लोगों के ठिकानों पर जहां छापेमारी चल रही है, वहां सीआरपीएफ का पहरा है. घर के अंदर किसी को जाने की इजाजत नहीं है. साथ ही अधिकारी भी कुछ बात करने को तैयार नहीं है. ईडी ने सोने और कैश बरामदगी के बाद मामला दर्ज किया है.
जबलपुर में पत्रकार बनकर पहुंची ईडी की टीम
जबलपुर के शास्त्री नगर में रोहित तिवारी का घर है. ED के सदस्य जिन गाड़ियों से आए हैं, उन गाड़ियों पर प्रेस लिखा हुआ है. बताया जा रहा है कि रोहित तिवारी सौरभ शर्मा का साला है. वह भी जबलपुर में रियल एस्टेट के कारोबार से जुड़ा बताया जा रहा है.
ग्वालियर में भी चल रही कार्रवाई
ग्वालियर के विनय नगर स्थित सेक्टर-2 में सौरभ शर्मा का घर है. यहां ईडी की टीम सुबह से छापेमारी कर रही है. घर के अंदर कार्रवाई में शामिल टीम के सदस्यों के अलावा किसी को जाने की इजाजत नहीं है. हालांकि कुछ देर पहले दो बैग घर के अंदर पहुंचाए गए हैं. कार्रवाई के बारे में ईडी ने अभी कोई जानकारी नहीं दी है.
ईडी रोहित तिवारी से कर रही पूछताछ
फिलहाल ED की टीम रोहित तिवारी के परिवार से पूछताछ कर रही है. घर को चारों तरफ से बंद कर दिया गया है. परिवार से पूछताछ की जा रही है. कोई भी सदस्य घर के अंदर या बाहर नहीं जा सकता है. इसके लिए सुरक्षा की पुख्ता इंतजाम किए गए हैं.
जांच में लोकल पुलिस को नहीं किया गया शामिल
सौरभ शर्मा के बंगले पर चल रही कार्रवाई को लेकर भी पूर्व DSP ने कहा कि यहां अब तक लोकल पुलिस दिखाई नहीं दी जबकि लोकल टीम का भी इन्वॉल्वमेंट होना चाहिए था. साथ ही आसपास के स्वतंत्र गवाहों को भी साथ में लेना चाहिए था क्योंकि नहीं तो न्यायालय में इनके गवाहों पर प्रश्न उठ सकते हैं। केस के लिए यह ठीक नहीं है. हालांकि उन्होंने यह भी कहा कि इस मामले में कई बड़े लोगों के नाम शामिल हो सकते हैं, जिनके नाम इस कार्रवाई में उजागर होना संभव नहीं लगता. ऐसे में सौरभ शर्मा की जान को खतरा है. शायद इसी वजह से वह वापस नहीं आ पा रहा है.
भोपाल में भी छापेमारी
वहीं, भोपाल में भी सीआरपीएफ जवानों की मौजूदगी में उसके घर पर सुबह से छापेमारी चल रही है. अंदर किसी को जाने की इजाजत नहीं है. हालांकि इस छापे में ईडी के हाथ अभी तक क्या-क्या लगे हैं कि इसकी जानकारी नहीं सामने आई है.
कई उपकरण लेकर पहुंची टीम
परिवहन विभाग में आरक्षक जैसे छोटे पद पर रहकर करोड़ों की काली कमाई जुटाने वाले सौरभ शर्मा के खिलाफ 19 दिसंबर को लोकायुक्त ने कार्रवाई की थी. लोकायुक्त ने सौरभ के अरेरा कॉलोनी स्थित मकान ई-7, 78 और ई-7, 657 पर एक साथ कार्रवाई की थी. बताया जा रहा है कि इसमें एक मकान सौरभ के जीजा के नाम है, जबकि दूसरे मकान में जयपुरिया स्कूल का ऑफिस संचालित हो रहा था. ईडी की टीम इन दोनों मकानों पर भी पहुंची है.
