इंडिगो की उड़ानें रद्द होने से देशभर के एयरपोर्ट पर अफरा-तफरी का माहौल. यात्री 12-14 घंटे तक फंसे रहे, न खाना मिला न पानी. एयरलाइन ने क्रू की कमी और तकनीकी समस्याओं को जिम्मेदार बताया.
Source : MEDIA
By : DB News Update | Edited By: प्रिंस अवस्थी
IndiGo Crisis: इंडिगो की गुरुवार को देशभर में 2000 से अधिक उड़ानों पर असर पड़ा है, कई उड़ाने रद्द करना पड़ी या फिर किसी न किसी कारण से प्रभावित रहीं. बतादें कि एयरलाइन IndiGo इन दिनों गंभीर ऑपरेशनल संकट से जूझ रही है. गुरुवार 4 दिसंबर को हालात ऐसे देखे गए कि पूरे देश में इंडिगो की उड़ानों पर भारी असर पड़ा. IndiGo का प्रदर्शन इतना खराब रहा कि ऑन टाइम परफॉर्मेंस सिर्फ 8% पर आ गया यानी रोजाना जिन 2200 उड़ानों के समय पर उड़ान भरने का दावा किया जाता रहा है, उनमें से सिर्फ 176 ही समय पर उड़ सकीं. बाकी 2000 से ज्यादा उड़ानें देरी, कैंसिल या किसी न किसी तरह से प्रभावित रहीं.
4 दिन से प्रभावित हैं उड़ानें
बीते चार दिनों से उड़ानों में लगातार देरी और रद्द होने की घटनाओं ने यात्रियों का गुस्सा चरम पर पहुंचा दिया है. गुरुवार को अकेले 550 से अधिक उड़ानें रद्द हुईं, जिससे दिल्ली, हैदराबाद, गोवा और मुंबई जैसे बड़े एयरपोर्ट पर हंगामे की स्थिति बन गई. निजी टीवी चैनल की रिपोर्ट के मुताबिक दिल्ली एयरपोर्ट पर हजारों बैग बिखरे पड़े दिखे. कई यात्री जमीन पर सोते नजर आए और हर तरफ नारेबाजी की गई और अफरा-तफरी का माहौल था. इस बीच दिल्ली एयरपोर्ट से आज सुबह से 200 से ज्यादा इंडिगो की फ्लाइट कैंसिल हो चुकी है. इसमें 135 departure+ 90 arrival फ्लाइट शामिल हैं.
यात्रियों ने एयरलाइन पर जमकर गुस्सा निकाला
दिल्ली एयरपोर्ट पर यात्रियों ने एयरलाइन पर जमकर गुस्सा निकाला. एक यात्री ने कहा कि हम शादी में जा रहे थे, हमारा सामान गायब है. 12 घंटे बाद भी इंडिगो एक शब्द नहीं बोल रही है. ये तो मानसिक प्रताड़ना है. एक अन्य महिला यात्री ने कहा कि 14 घंटे हो गए, न खाना, न पानी मिला है. स्टाफ से बात करो तो जवाब ही नहीं मिलता.”
हैदराबाद और गोवा में हंगामा
हैदराबाद में यात्री इतने नाराज हुए कि कई लोग एयर इंडिया की एक उड़ान के सामने बैठ गए और उसे रोक दिया. वहां एक व्यक्ति ने बताया कि कल शाम 7:30 की फ्लाइट थी, अब 12 घंटे हो गए हैं. इंडिगो कह रही है अनिश्चितकाल के लिए देरी हो सकती है. यह मजाक है.
इंडिगो की सफाई
मीडिया रिपोर्ट के अनुसार इंडिगो ने स्वीकार किया कि नए नियमों के बाद क्रू की जरूरत का गलत आकलन हुआ है. इसके अलावा सर्दियां, तकनीकी दिक्कतें और स्टाफ की कमी ने मिलकर उड़ानों को बुरी तरह प्रभावित किया है. DGCA को भेजी रिपोर्ट में इंडिगो ने बताया कि वे पायलट-क्रू ड्यूटी के नए नियमों को फिलहाल वापस ले रहे हैं. रात की ड्यूटी सुबह 5 बजे तक थी, अब इसे सुबह 6 बजे तक बढ़ाया था. इसे वापस लिया गया. रात में दो लैंडिंग की सीमा भी अस्थायी रूप से हटाई गई
आने वाले 3 दिनों तक और रद्द होंगी उड़ानें
इंडिगो ने चेतावनी दी है कि शेड्यूल सामान्य होने में कम से कम 2–3 दिन और लगेंगे. 8 दिसंबर से एयरलाइन ने उड़ानों का शेड्यूल कम कर दिया है ताकि अव्यवस्था को रोका जा सके. इंडिगो के सीईओ पीटर एल्बर्स ने कर्मचारियों को संदेश दिया कि समय पर उड़ानें चालू करना आसान नहीं होगा. हम पूरी ताकत से स्थिति सुधारने में लगे हैं.
इंडिगो का मैनेजमेंट बदमाश है- शिवसेना सांसद
शिवसेना (UBT) के सांसद अरविंद सावंत ने इंडिगो की उड़ाने रद्द होने पर कहा कि इंडिगो का मैनेजमेंट कितना बदमाश है यह मैं जानता हूं. वे झूठ पर झूठ बोलने वाले लोग हैं. DGCA ने जो कानून बनाए थे उनके बारे में आपको मालूम था.अगर आप उनका पालन करने में सक्षम नहीं थे तो आपको उनके साथ बात करनी चाहिए थी.
मुंबई एयरपोर्ट पर इंडिगो यात्री परेशान
मुंबई के छत्रपति शिवाजी महाराज इंटरनेशनल एयरपोर्ट पर इंडिगो के यात्री फ्लाइट में देरी और निलंबन से परेशानी का सामना कर रहे हैं. इंडिगो द्वारा बड़ी संख्या में उड़ानें रद्द किए जाने के कारण लोगों को रही परेशानी को दूर करने के लिए रेलवे ने शनिवार को सभी जोन में 89 विशेष ट्रेन चलाने की घोषणा की. इंडिगो एयरलाइंस में रुकावट पर DGCA ने इंडिगो को कारण बताओ नोटिस जारी किया है क्योंकि बड़े पैमाने पर ऑपरेशनल फेलियर से प्लानिंग, ओवरसाइट और रिसोर्स मैनेजमेंट में बड़ी चूक का पता चला है.
