अफसरों के अनुसार, जॉइंट टीम जब आतंकवादियों की तलाश कर रही थी तभी आतंकवादियों ने सुरक्षाबलों पर गोलीबारी शुरू कर दी.
By : DB News Update| Edited By: प्रिंस अवस्थी
Poonch Encounter: जम्मू और कश्मीर में रविवार (15 सितंबर, 2024) सुबह सुरक्षाबलों और आतंकियों के बीच पुंछ जिले के एक गांव में मुठभेड़ हुई. सूत्रों के हवाले से ताजा मीडिया रिपोर्ट्स के अनुसार बताया जा रहा है कि वहां पर एक बड़े आतंकी संगठन का कमांडर फंसा हुआ है.
न्यूज एजेंसी पीटीआई को अफसरों की ओर से जानकारी दी गई है कि वहां के एक सुदूर गांव में सुरक्षाबलों और आतंकवादियों के बीच मुठभेड़ जारी है. गोपनीय सूचना के आधार पर पुलिस और सेना ने शनिवार शाम मेंढर उपमंडल के गुरसाई टॉप के पास पठानतीर इलाके में जॉइंट सर्च ऑपरेशन शुरू किया था. अफसरों के अनुसार, जॉइंट टीम जब आतंकवादियों की तलाश कर रही थी तभी आतंकवादियों ने सुरक्षाबलों पर गोलीबारी शुरू कर दी, जिसके बाद दोनों के बीच मुठभेड़ शुरू हो गई. दोनों ओर से रुक-रुक कर गोलीबारी जारी है. इलाके में अतिरिक्त बल भेज दिया गया है.
किश्तवाड़ में भी सुरक्षाबलों का सर्च ऑपरेशन जारी
इस बीच, एबीपी न्यूज संवाददाता अजय बाचलू ने बताया कि किश्तवाड़ के डच्छन इलाके में भी सुरक्षाबलों का सर्च ऑपरेशन जारी है. वहां 13 सितंबर, 2024 को एनकाउंटर में भारतीय सेना के दो जवानों ने देश के नाम सर्वोच्च बलिदान दिया था.
राजौरी में LoC पर घुसपैठ की कोशिश नाकाम
इस बीच, राजौरी जिले में शनिवार को सेना के जवानों ने नियंत्रण रेखा (एलओसी) पर घुसपैठ की कोशिश को नाकाम कर दिया. हालांकि, इस घटना में सेना का एक जवान घायल हो गया. अफसरों की ओर से जानकारी दी गई कि नियंत्रण रेखा के पार आतंकवादियों की तरफ से घुसपैठ का प्रयास करने के दौरान हुई मुठभेड़ में एक सैनिक घायल हो गया. मुठभेड़ नौशेरा सेक्टर के कलाल इलाके में उस समय हुई जब नियंत्रण रेखा की सुरक्षा में तैनात सैनिकों ने घुसपैठ का प्रयास कर रहे आतंकवादियों के एक समूह को रोका था.
Source : PTI

